फतेहाबाद
सरकार ने प्रदेश के हाई व सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए 93 लाख रुपये की राशि जारी की

सत्यखबर
फतेहाबाद जिले को 13 लाख रुपये से अधिक की राशि मिली है। जिले के 28 स्कूलों ने खेलों का सामान खरीदने के लिए डिमांड भेजी थी। जिसके बाद उच्चाधिकारियों ने 24 स्कूलों की डिमांड को पूरा कर राशि जारी कर दी है। इस राशि से जिला शिक्षा अधिकारी मैदानों में कंस्ट्रक्शन का काम कराने के अलावा खेल का सामान खरीदेंगे।
कोरोना काल के कारण स्कूल लग नहीं रहे थे। ऐसे में सरकारी स्कूलों की तरफ से एक साल पहले खेलों का सामान खरीदने के लिए राशि मांगी गई थी। अब धीरे-धीरे स्कूल खुल रहे है। ऐसे में नया सत्र जब शुरू होगा तो विद्यार्थियों को खेलने के सामान की दिक्कत नहीं आएगी। लड़कियों व लड़कों के लिए अलग-अलग सामान खरीदा जाएगा। जिले के 9 हाई स्कूल और 15 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को यह राशि जारी हुई है।
जिले के 24 स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए खेलों का विशेष सामान खरीदा जाएगा। इनमें मुख्य रूप से वॉलीबॉल, फुटबॉल, बॉस्केटबॉल, खो-खो पोल, कैरम बोर्ड, हैंड बॉल, योगा मेट, डिस्कस, शॉटपुट, बैडमिंटन, हाई जंप रोप, स्कीपिंग रोप आदि खेल का सामान शामिल है। खेल का सामान खरीदने के बाद प्रत्येक स्कूल संचालक को इसकी रिपोर्ट भी देनी होगी।
फतेहाबाद के जिला सहायक खेल अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने स्कूलों में खेलों का सामान खरीदने के लिए राशि जारी कर दी है। पूरे प्रदेश में खेलों का सामान खरीदने के लिए 93 लाख रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। फतेहाबाद जिले के 24 स्कूलों को 13 लाख रुपये की राशि मिली है। ऐसे में अब स्कूली स्तर पर खेलों के सामान की दिक्कत नहीं रहेगी।
Pingback: 10वीं और 12वीं की कक्षाओं के लिए सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं की डेट शीट कर दी जारी – Satya khabar india | Hindi News | न्यूज