भाजपा ने अग्निवीर योजना लागू कर देश की सुरक्षा के साथ किया खिलवाड़ : वरूण चौधरी
भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी देश की जनता : रामकिशन गुज्जर
सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। अम्बाला लोकसभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी वरूण चौधरी ने हलका नारायणगढ़ के गांव फतेहपुर, कोड़वा खुर्द व मंगलई में जनसभाएं की व नारायणगढ़ शहर के मुख्य बाजार से होकर दुकानदारों को उनके पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर एचपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुज्जर व विधायक शैली चौधरी सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी गांवों में पहुंचने पर वरूण चौधरी व अन्य नेताओं का ग्रामीणों द्वारा पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। नारायणगढ़ के मुख्य बाजार में कांग्रेस नेताओं का दुकानदारों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। वरूण चौधरी ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में नोटबंदी व जीएसटी लागू किया गया जिससे सभी देशवासी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि तीन काले कानून वापस करने की मांग को लेकर सैंकड़ों किसानों को शहादत देनी पड़ी। भाजपा ने जनता द्वारा चुने गए सरपंचों पर लाठियां बरसाई। सेना में नियमित भर्ती करने की बजाय 4 वर्ष के लिए अग्निवीर भर्ती किये गए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया। लेकिन अब भाजपा धर्म के नाम पर वोट मांग कर समाज में बिखराव पैदा करना चाहती है। देश में तानाशाही जैसा माहौल है, अपने हक की आवाज उठाने वालों को रोका जा रहा है। भाजपा एक भी वादे पर पूरा नहीं उतरी। रामकिशन गुज्जर ने कहा कि किसानों को अपनी फसल की पेमेंट लेने के लिए पिछले 10 वर्ष के दौरान धरने प्रदर्शन व जल सत्याग्रह करने पड़े लेकिन फिर भी पूरी पेमेंट नहीं मिली। गुज्जर ने कहा कि जुमलेबाजी करने वालों पर अब देश की जनता विश्वास नहीं कर रही जिसे देखते हुए अब भाजपा धर्म के आधार पर लोगों को गुमराह करने की कौशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अब देश कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा दी गई गारंटी पर विश्वास कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर बुढापा पेंशन 6000 रूपये प्रति मास की जायेगी, निर्धन परिवारों की एक महिला को प्रति वर्ष एक लाख रूपये दिये जायेंगे, निर्धन परिवारों को 100 गज के प्लॉट पर दो कमरे बनाकर दिये जायेंगे, 300 यूनिट बिजली नि:शुल्क दी जायेगी, बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध करवाया जायेगा व पुरानी पेंशन योजना को लागू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में किसान, व्यापारी, श्रमिक व कर्मचारी सभी परेशान हैं और भाजपा को सत्ता से बाहर कर इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का मन बना चुके हैं। रामकिशन गुज्जर व विधायक शैली चौधरी ने लोगों से वरूण चौधरी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।