विधायकों को चुनाव के समय याद आती है जनता – कुलदीप यादव
सत्यखबर महेंद्रगढ़ (ब्यूरो रिपोर्ट) – महेंद्रगढ़ विधानसभा के गांव भूरजट में सरताज जनसेवा ग्रुप पीआरओ कुलदीप यादव द्वारा जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विधायक का कार्य अपने क्षेत्र का जनप्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ वहां की आम जनता की सेवा करना होता है परंतु महेंद्रगढ़ के विधायकों ने इसके मायने ही बदल दिए हैं। विधायक सिर्फ चुनाव के दौरान वोट हासिल करने के लिए जनता के बीच आते हैं, उसके बाद जनता को उनका हक दिलाना तो दूर जनप्रतिनिधित्व करने के लिए भी आगे नहीं आते। सत्ता के नशे में चूर विधायक स्वयं को सर्वोपरि मानते हैं और आमजन को अपने नजदीक भी नहीं भटकने देते। यही कारण है कि अबकी बार विधानसभा चुनाव में महेंद्रगढ़ विधानसभा की जनता पूरी तरह बदलाव के मूड में है।
पूर्व विधायक राव दानसिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान यहां विकास कार्य करवाने की बजाए महेंद्रगढ़ के वजूद को मिटाने का कार्य किया और वर्तमान विधायक ने भी यहां के हालात सुधारने की बजाए जनता की हक छिनकर कुठराघात किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने जिला मुख्यालय के नाम पर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया और उनके कार्य धरातल की बजाए कागजों तक की सीमित हो गए। उन्होंने कहा कि सरताज जनसेवा ग्रुप द्वारा पूरे पांच वर्ष तक विपक्ष की भूमिका निभाई गई तथा समय-समय पर क्षेत्र की अनेक मांगे व मुद्दे उठाकर जनप्रतिनिधि को जगाने का कार्य किया परंतु उनके कान पर जूं तक नहीं रेंगी।
यादव ने कहा कि सरताज जनसेवा ग्रुप द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाने का मकसद पूर्व व वर्तमान विधायकों के कागजी व हवा-हवाई विकास कार्यों की पोल खोलना है। उन्होंने कहा कि दोनों विधायकों ने महेंद्रगढ़ में विकास करवाने की बजाए दोनों हाथों से लुटने का कार्य किया है। जिसके कारण आज महेंद्रगढ़ व यहां की जनता के हालात बद से बदतर है और यह क्षेत्र अन्य जिलों से 20 वर्ष पीछे चला गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान व पूर्व विधायकों ने क्षेत्र को पिछड़ापन देने के अलावा कुछ नहीं दिया। यही कारण है कि सरताज जनसेवा ग्रुप द्वारा जनता के सहयोग से चुनाव लडऩे का फैसला लिया गया है।
कुलदीप यादव ने बताया कि चुनाव लडऩे का हमारा मकसद जनता पर राज करना नहीं है बल्कि जनता का सेवक बनकर क्षेत्र की सभी मांगों को पूरा व आमजन की प्रत्येक समस्या का समाधान करके सबसे पुराने जिला महेंद्रगढ़ को उसका सम्मान वापिस दिलाना है। उन्होंने कहा कि हमारा चुनाव लडऩे का उद्देश्य व विजन यहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना, स्वास्थ्य सुविधाओं व शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा जनप्रतिनिधि व जनता के बीच बनी दूरी को समाप्त करके नया प्लेटफॉर्म बनाना है ताकि महेंद्रगढ़ अन्य जिलों से बेहतर बन सके।