सीएम की ओर से हरियाली तीज पर्व की कोथली देने नारायणगढ़ पहुंची सुमन सैनी का महिलाओं ने किया धन्यवाद
सत्य खबर, नारायणगढ़ (सरिता धीमान)। हरियाली तीज पर्व के उपलक्ष्य में भाजपा महिला मोर्चा नारायणगढ़ द्वारा राजकीय महाविद्यालय में हरियाली तीज महोत्सव मनाया गया। तीज महोत्सव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की और कार्यक्रम में मौजूद सभी महिलाओं को मुख्यमंत्री की ओर से तीज पर्व की कोथली एवं चुनरी उपहार स्वरूप भेंट की। सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी बहनों के लिए कोथली भेजी है। हमारे हरियाणा में तीज पर कोथली भेजने की परम्परा चली आ रही है। उसी परम्परा का निर्वहन करते हुए वे बहनों के लिए भाई की ओर से कोथली लेकर आई है। सुमन सैनी ने सभी महिलाओं व लड़कियों को हरियाली तीज की बधाई दी और उनकी सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि तीज त्यौहार हमारी सांस्कृतिक विरासत है जिसे सहेज कर रखना हम सब की जिम्मेदारी है। तीज त्यौहार महिला सशक्तिकरण को बढावा देने में सहायक हैं, विशेषकर तीज पर्व महिलाओं का पर्व माना जाता है जिसे महिलाएं आपस में मिलजुल कर मनाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए बहुत योजनाएं चलाई हुई हैं और हरियाणा में भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आगे बढाने के लिए अनेक कदम उठाये गए हैं। तीज का त्यौहार पूरे उत्तर भारत में महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि मान्यता है कि तीज का सम्बंध भगवान शिव व पार्वती के विवाहित जीवन से जुड़ा हुआ है। पर्व और त्योहार आपस में समाज को जोडने का काम करते हंै। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक समय मे तीज जैसे पर्व सामूहिक तौर पर मनाना हमारी प्राचीन संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम करते है। तीज का त्यौहार आस्था, सौंदर्य और प्रेम का प्रतीक है, क्योंकि इस दिन हम सभी आपसी मतभेदों को भूलकर बहुत ही प्रेम के साथ मिल जुलकर इस पर्व को बहुत खुशी के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्व मिलकर मनाने से समाज मे आपसी प्रेम व भाईचारा बढ़ता है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विजेता रहीं सभी महिलाओं व लड़कियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। तीज महोत्सव में पार्षद सिम्पी गैरा को मिस तीज चुना गया। सुमन सैनी तथा महिला मोर्चा जिला प्रधान बीनू गर्ग को सम्मानित किया गया। तीज महोत्सव में हरियाणावी व पंजाबी संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा, म्यूजिकल चेयर, कैट वॉक, तीज पर्व को लेकर प्रश्रोत्तरी आदि कार्यक्रम शामिल आयोजित किये गए। कार्यक्रम में महिलाएं हरियाणवी एवं तीज पर्व से सम्बंधित गीतों पर जमकर झूमी व झूले लिए।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारायणगढ़ तथा श्रीमद् भगवद गीता सीनीयर सैकण्डरी स्कूल नारायणगढ़ की छात्राओं को सीएम की ओर से सुमन सैनी ने 21 हजार रूपये की राशि देने की घोषणा की। सीएम की ओर से भजी गई कोथली जहां कार्यक्रम में मौजूद सभी महिलाओं को भेंट की गई वहीं ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस कर्मचारियों व महिला पत्रकारों को भी भेंट की गई। कार्यक्रम में सीमा पसरीजा को भी सम्मानित किया गया जो 55 वर्ष की आयु में आईटीआई संस्थान से सिलाई कढाई का कोर्स कर महिलाओं के लिए प्रेरणा बनी। इस अवसर पर मनीषा सैनी, रेखा, जगदीप कौर, प्रीतपाल कौर मक्कड, मंजू कौशिक, पार्षद रानी धीमान, पत्रकार सरिता धीमान, लक्ष्मी रामपुर, सपना, पार्षद सिम्पी गेरा, पार्षद परविन्द्र कौर, पार्षद पिंकी कांगड़ा, पार्षद जसवीन्द्र कौर, पार्षद सरोज शर्मा व प्रिया चानना सहित काफी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।