हरियाणा में भी भाजपा एमपी व राजस्थान की तर्ज पर डिप्टी सीएम बना सकतीं हैं: सूत्र
सत्य ख़बर, गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज:
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 बीते मंगलवार को हुई मतगणना की गिनती में बीजेपी ने जीत की हैट्रिक के बाद अब नई सरकार के गठन को लेकर उच्च हाई कमान के साथ बैठकों का दौर शुरू हो गया है। जिसके चलते जहां नायब सैनी हाईकमान से मिल रहे हैं, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के निवास पर भी चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान व विप्लव देव व प्रदेश के अन्य नेता भी पहुंच रहे हैं। सरकार बनने का फैसला में कौन-कौन मंत्रिमंडल में शामिल होगा जिसका जल्द ही खुलासा हो जाएगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा में भी भाजपा मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा की तरह 2 डिप्टी सीएम बनाने का फॉर्मूला अपना सकती है। वरिष्ठता के आधार पर अनिल विज और एक ब्राह्मण विधायक को डिप्टी सीएम की कुर्सी से नवाजा जा सकता है।
वहीं बताया गया है कि भाजपा विधायक दल की बैठक गुरुवार को होगी। इसमें विधायक दल का नेता नायब सिंह सैनी को चुनने की पुरी उम्मीद है। इसके लिए नायब सैनी दिल्ली दरबार भी हाजिर लगा चुके हैं।
हरियाणा की भाजपा सरकार में
नायब सिंह सैनी को दुबारा मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। उनके मंत्री मण्डल में अनिल विज,कृष्ण बेदी,कृष्णलाल पंवार,अरविंद शर्मा,कृष्ण मिड्डा,
महिपाल ढांडा,मूलचंद शर्मा,विपुल गोयल,राव नरबीर,
सावित्री जिंदल को जगह मिलने की उम्मीद लगाई जा रही है।
वहीं इसी हलचल को लेकर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के दिल्ली निवास पर राज्य के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और सह प्रभारी बिप्लव देब ने रणनीति तैयार की है। इस बैठक में मंत्रियों के नामों सहित अन्य मामलों पर चर्चा भी हो चुकी है।
सीनियर नेताओं को किसी तरह की नाराजगी ना हो उसके लिए भाजपा दो डिप्टी सीएम बनाकर उनको भी खुश करना चाहती है, इसकी सबसे बड़ी वजह सरकार में सीनियॉरिटी को लेकर होने वाला विवाद है। अभी अनिल विज नई सरकार में सबसे सीनियर नेता हैं। इसके अलावा वह CM बनने का दावा भी ठोंक चुके हैं। वहीं मीडिया के सामने भी बोल चुके हैं अगर ऑफर आएगा तो मैं मना नहीं करूंगा।
ऐसे में पार्टी उन्हें मैनेज करने के लिए डिप्टी CM बना सकती है। इनके अलावा एक ब्राह्मण विधायक को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
नई सरकार में भाजपा के नए चेहरे शामिल हो सकते हैं। पुराने चेहरों में पूर्व गृह मंत्री अनिल विज, मूलचंद शर्मा और महिपाल ढांडा का नाम तो लगभग तय माना जा रहा है।
नए चेहरों में जातीय और क्षेत्रीय तौर पर फरीदाबाद से विपुल गोयल, भिवानी से घनश्याम सर्राफ, बादशाहपुर से राव नरवीर, इसराना से कृष्ण लाल पंवार, नरवाना से कृष्ण कुमार बेदी, राई से कृष्णा गहलावत, जींद से डॉ. कृष्ण मिड्डा, गोहाना से डॉ. अरविंद शर्मा और यमुनानगर से घनश्याम अरोड़ा तथा हिसार से निर्दलीय विधायक बनी सावित्री जिंदल का नाम भी चर्चा में है।
इसके अलावा करनाल के घरौंडा से विधायक हरविंदर कल्याण को विधानसभा स्पीकर बनाए जाने की चर्चा है। वहीं पूर्व डिप्टी स्पीकर रणवीर गंगवा को भी अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं भाजपा कुछ विधायकों को किसी निगम या बोर्ड का चैयरमैन भी बना सकती है। जिसका खुलासा जल्द ही प्रदेश वासियों के सामने हो जाएगा। वही उम्मीद लगाई जा रही है की नई सरकार का गठन दशहरे के बाद ही होने की संभावना है। वहीं भाजपा इस जीत से हरियाणा देश का पांचवा ऐसा राज्य बन गया है जहां पर भाजपा ने जीत की हैट्रिक बनाई है। इससे पहले भाजपा गोवा, गुजरात,मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जीत की हैट्रिक बन चुकी है।