हरियाणा

जजपा से भाजपा में गया युवा नेता समझौते के नाम पर डेढ़ लाख लेता गिरफ्तार

Young leader who went from JJP to BJP arrested for taking Rs 1.5 lakh in the name of compromise

सत्य खबर,हिसार । हिसार के हांसी में हरियाणवी कलाकार नवीन नारू के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के एक केस में समझौता कराने के नाम पर पुलिस ने डेढ़ लाख रुपए लेते हुए भाजपा नेता कपिल नेहरू व एक अन्य व्यक्ति सतपाल को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ सिटी थाना में धारा 384 व 120 बी के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार भाजपा नेता नेहरू को इसी साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर सामाजिक कार्यों के लिए प्रशासन ने सम्मानित किया था।

हांसी शहर में रहने वाली एक महिला ने 3 महीने पहले हरियाणवी कलाकार नवीन नारू के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि 3 वर्ष पहले वह हरियाणवी कलाकार नवीन नारू के संपर्क में आयी थी। नवीन ने एक दिन उसे कोई नशीला पदार्थ खिला कर बेसुध कर दिया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया।

इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो बना ली। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया। 3 वर्षों से उसके साथ बार बार रेप किया गया। दुष्कर्म के इस मामले को झूठा और लेन देन के विवाद से जुड़ा बताते हुए हरियाणा के कई फेमस कलाकारों ने एसपी से मिल कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

जानकारी के अनुसार हांसी सिटी थाना SHO को सूचना मिली थी कि नारू के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के केस में कुछ लोग उस पर समझौते के लिए रुपए देने का दबाव बना रहे हैं। इस पर एक टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट परिसर में समझौते के नाम पर डेढ़ लाख रुपए लेते हुए न्यू सुभाष नगर निवासी कपिल नेहरू व राम सिंह कालोनी निवासी सतपाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

भाजपा नेता कपिल नेहरू पर पुलिस ने धारा 384 के तहत भय दिखाकर या अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करके जबरदस्ती वसूली करने और धारा 12बी में साजिश रचने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। नारू पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला का समझौते के इस में क्या कनेक्शन है, इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

कपिल नेहरू भाजपा युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष है। इससे पहले वह जजपा में शहरी युवा प्रधान था। करीब एक साल पहले उसने जजपा को छोड़ कर भाजपा जॉइन कर ली थी। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर पर हरियाणा सरकार के मंत्री, विधायक, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के कई फोटोज भी हैं। एक फोटो में वह जजपा सुप्रीमों के साथ भी दिखाई दे रहा है।

हांसी के एसपी मकसूद अहमद ने कपिल नेहरू की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में निष्पक्ष जांच कर रही है।

Back to top button