PM Modi ने बदली अपनी प्रोफाइल फोटो, करोड़ों देशवासियों से भी की अपील, जानिए कारण
PM Modi ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेते हुए अपनी प्रोफाइल फोटो बदल दी है। उन्होंने अपनी प्रोफाइल तस्वीर में तिरंगे की फोटो लगाई है। स्वतंत्रता दिवस से पहले, पीएम मोदी ने करोड़ों देशवासियों से भी यही करने की अपील की है। उन्होंने अपनी प्रोफाइल फोटो बदलते हुए लिखा, “जैसा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस निकट आ रहा है, आइए हम सब मिलकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को एक यादगार जन आंदोलन बनाएं। मैं अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदल रहा हूं और आप सभी से आग्रह करता हूं कि हमारे तिरंगे का जश्न मनाने में मेरे साथ शामिल हों। और हां, अपनी सेल्फी https://harghartiranga.com पर जरूर साझा करें।”
एक अन्य ट्वीट में, पीएम मोदी ने ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की भी बात की है, जिसने देश की स्वतंत्रता में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पीएम मोदी ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने इस आंदोलन की जानकारी दी है। इस वीडियो को साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “बापू के नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि। यह वास्तव में हमारे स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण क्षण था।”
क्या है ‘हर घर तिरंगा’ अभियान?
पीएम मोदी ने 2022 में देश की स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू किया था। इस अभियान के तहत कहा गया था कि देश के 20 करोड़ घरों की छतों पर तिरंगा फहराया जाएगा। सरकार ने इस अभियान पर काफी खर्च किया और इससे पहले तिरंगा फहराने के नियमों में भी बदलाव किया गया। नियम में बदलाव के बाद रात में भी तिरंगा फहराने की अनुमति दी गई।
क्या था ‘भारत छोड़ो आंदोलन’?
8 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने ब्रिटिश शासन को समाप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने मुंबई में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सत्र में ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ शुरू किया। यह आंदोलन देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में एक सफल प्रयास साबित हुआ और देश को स्वतंत्रता मिली। इस दौरान कई स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। पीएम मोदी ने भी अपने वीडियो में इस बारे में बात की है।