23 वर्षीय लड़की की हत्या, पिता पर लगा आरोप, ऑनर किलिंग का शक
नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी युवती, पिता ने तेजधार हथियार से गला काटा

सत्य खबर हरियाणा
Crime News : गोहाना में एक पिता ने अपनी 23 वर्षीय बेटी की गला काटकर हत्या कर दी। गोहाना पुलिस ने आरोपी पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक तौर पर इसे ऑनर किलिंग के रूप में देखा जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या घर पर ही तेजधार हथियार से की गई है।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने अहम सुराग इकट्ठा किए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस घटना के संदर्भ में आरोपी पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर यह ऑनर किलिंग का मामला नजर आता है लेकिन साथ ही पुलिस इस बात को लेकर भी जांच कर रही है कि कहीं यह हत्या घरेलू कलह को लेकर तो नहीं की गई।
पुलिस ने पहले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया और पिता को भी हिरासत में ले लिया है। अब हर एंगल से जांच कर रही है कि आरोपी ने ये कदम क्यों उठाया।
पुलिस के अनुसार, मृतका युवती की पहचान चीनू (23) के रूप में हुई है। परिवार गोहाना के देवीनगर कॉलोनी में रहता है। आरोप है कि उसके पिता अनिल ने ही इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि मृतका चीनू नर्सिंग (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) की पढ़ाई कर रही थी और अपने भविष्य को लेकर सपने संजोए हुए थी। उसकी असमय मौत से परिवार और इलाके में गहरा शोक का माहौल है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे घरेलू कलह या किसी प्रेम प्रसंग को लेकर शक की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
वार्ड नंबर 3 के पार्षद नरेंद्र कुमार ने बताया कि युवती की उम्र करीब 23 वर्ष थी और हत्या के आरोप उसके पिता पर ही लगे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
DSP जितेंद्र गहलावत बोले- हत्या की वजह की जांच जारी
डीसीपी गोहाना जितेंद्र गहलावत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवती की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस हत्या की वजह जानने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।