सड़कों की खराब हालत पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज
जिले में पहली बार किसी अधिकारी के खिलाफ इस प्रकार हुआ मामला दर्ज

सत्य खबर हरियाणा
Crime News : जींद जिले में जींद-नरवाना और जींद-रोहतक रोड पर गहरे गड्ढों, जलभराव और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण आमजन को हो रही परेशानियों को देखते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एक व्यक्ति की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उचाना थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे से संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह पहला मौका है जब इस प्रकार के मामलों में पुलिस ने अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता प्रवीण बंसल और उनके साथियों ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि नेशनल हाईवे पर स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है। हाईवे के बीचों-बीच बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिनमें अक्सर पानी भरा रहता है। रात के समय स्ट्रीट लाइटें बंद रहने के कारण वाहन चालकों को ये गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं और जान-माल का नुकसान हो रहा है।
शिकायत में यह भी स्पष्ट किया गया कि इस बारे में नेशनल हाईवे अथॉरिटी के पीडी और आरओ जैसे उच्चाधिकारियों को बार-बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं निकाला गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर 30 अक्टूबर 2025 को उपायुक्त जींद को भी ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन लापरवाही का आलम यह रहा कि महीनों बीत जाने के बाद भी हाईवे की मरम्मत या सफाई व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर उचाना थाना पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 270 और नेशनल हाईवे एक्ट की धारा 8B के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस ने अधिकारियों की इस लापरवाही को आमजन के जीवन को खतरे में डालने वाला अपराध माना है। पुलिस ने मामले की आगामी जांच और अनुसंधान के लिए जिम्मेदारी उचाना मंडी चौकी के सहायक उप-निरीक्षक सतीश कुमार को सौंपी गई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस के समक्ष यह गंभीर सवाल उठाया है कि यदि हाईवे की इस खस्ताहाली की वजह से किसी व्यक्ति की जान जाती है, तो उसका असली जिम्मेदार कौन होगा। पुलिस अब उन अधिकारियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है जिनकी जिम्मेदारी हाईवे के रख-रखाव की थी। इस कार्रवाई के बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी के महकमे में हड़कंप मच गया है।
#NHAI #NationalHighwayAuthority #RoadSafety #RoadConditions #HighwayJustice #PublicAccountability #IndiaRoads #InfrastructureIssues #SafetyFirst #GovernmentAccountability #PoorRoads #CivilRights #RoadQuality #HighwayMaintenance #CitizenVoices #TransportationInfrastructure #LegalAction #AccountabilityMatters #RoadsInIndia