चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में बड़ा खुलासा, यूपी से पकड़े गए तीन शार्प शूटर

Suvendu Adhikari के करीबी सहयोगी और पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज मामले में तीन शार्प शूटरों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि 6 मई की रात मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से पूरे पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को कोलकाता लाया गया जहां भवानी भवन में उनसे पूरी रात पूछताछ की गई। अब पुलिस इन्हें बारासात कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी, किसने दी थी सुपारी?
पुलिस अब इस हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने में जुट गई है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि इन शार्प शूटरों को किसने हायर किया था और आखिर चंद्रनाथ रथ को निशाना बनाने के पीछे मकसद क्या था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। पुलिस को पहले से शक था कि इस वारदात के तार राज्य के बाहर से जुड़े हो सकते हैं। इसी आधार पर उत्तर प्रदेश में छापेमारी की गई और तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

नकली नंबर प्लेट और OLX कनेक्शन से चौंकी पुलिस
जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए नकली नंबर प्लेटों का इस्तेमाल किया था। पुलिस के मुताबिक सिलीगुड़ी के एक व्यक्ति ने अपनी कार बेचने के लिए OLX पर विज्ञापन डाला था। आरोपियों ने उसी कार की तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी नंबर प्लेट तैयार करवाई थी ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियां तकनीकी और डिजिटल सबूतों को भी खंगाल रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की योजना कहां बनाई गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
कौन थे चंद्रनाथ रथ, जिनकी हत्या से मचा राजनीतिक भूचाल
चंद्रनाथ रथ केवल एक राजनीतिक सहायक नहीं बल्कि शुभेंदु अधिकारी के बेहद भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाते थे। 41 वर्षीय चंद्रनाथ पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर के रहने वाले थे और भारतीय वायु सेना में भी सेवा दे चुके थे। बाद में उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और शुभेंदु अधिकारी के करीबी बन गए। उनकी हत्या के बाद बंगाल की राजनीति में जबरदस्त हलचल मच गई है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस जांच में आगे कौन-कौन से बड़े नाम सामने आते हैं।