नाम बदला, धर्म बदला और बदल गई पूरी जिंदगी
रेखा से रुबीना बनी महिला ने क्यों की आत्महत्या की कोशिश

Satyakhabar, Haryana
Love to Terror Story : थर्मामीटर तोड़कर मरकरी पीने की घटना सिर्फ आत्महत्या की कोशिश भर नहीं रही, बल्कि इसके बाद सामने आए आरोपों ने एक महिला के वैवाहिक जीवन में कथित उत्पीड़न, मानसिक दबाव और विश्वासघात की गंभीर तस्वीर पेश की है। पीड़िता रेखा का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसका जीवन पूरी तरह बदल गया और वह लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना का शिकार होती चली गई।
एक युवती की पहचान बदली, आस्था बदली और जिंदगी भी बदल गई। प्यार के वादों से शुरू हुई कहानी अस्पताल के बेड तक कैसे पहुंची, इसके पीछे छिपे सच ने हर किसी को झकझोर दिया है… और कई सवाल अब भी जवाब मांग रहे हैं। ये कहानी है रेखा उर्फ रुबीना की, जिसने मरकरी (पारा) का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल वह उपचाराधीन है और डॉक्टरों की निगरानी में है। रुबीना का आरोप है कि उसका पति फुरकान और उसके परिवार के सदस्य भाई, बहन, भाभी, जीजा और माता-पिता उसे लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
मर्जी के बिना किया नाम में बदलाव
महिला के अनुसार, उसका पति फुरकान शुरू में बेहद सामान्य और सहयोगी व्यवहार करता था, लेकिन निकाह के बाद उस पर तरह-तरह के प्रतिबंध लगाए जाने लगे। रेखा का दावा है कि उसे न सिर्फ अपनी पसंद और जीवनशैली बदलने के लिए मजबूर किया गया, बल्कि धीरे-धीरे उसकी पहचान तक सीमित कर दी गई। उसका आरोप है कि आधिकारिक दस्तावेजों में भी उसकी मर्जी के बिना नाम में बदलाव कराया गया, जिससे वह खुद को असहाय महसूस करने लगी।
लव मैरिज से डर तक का सफर
रेखा का कहना है कि वह हिंदू समुदाय से है और करीब पांच साल पहले उसने मुस्लिम युवक फुरकान से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद फुरकान उसे लगातार धमकियां देता था कि जैसे अन्य लड़कियों की हत्या हुई है, उसका भी वही हश्र होगा। रुबीना के अनुसार फुरकान उसे हाल की एक हत्या की तस्वीरें दिखाकर डराता था, गैस जलाकर डराने, हाथ जलाने और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता था। रेखा का दावा है कि फुरकान ने सेक्टर-17 में काम के दौरान उसका नंबर हासिल किया, पीछा किया और प्रेम व शादी के झूठे वादों में फंसाया। बाद में उसे देवबंद ले जाकर धर्म परिवर्तन कराया गया और रेखा से रुबीना बना दिया गया।
धर्म परिवर्तन के बाद बढ़ा उत्पीड़न
रेखा का कहना है कि धर्म बदलने के बाद उस पर हिजाब थोप दिया गया और उसकी पूजा-पद्धतियों पर आपत्ति शुरू हो गई। देवी-देवताओं की मूर्तियों और तस्वीरों का अपमान किया गया, जिससे उसकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। एक दिन फुरकान अचानक लापता हो गया। रेखा जब उसे ढूंढते हुए उसके गांव पहुंची तो वहां उसके परिजनों ने उसे झूठे आरोपों और जेल भिजवाने की धमकी दी। रेखा का आरोप है कि फुरकान जानबूझकर अपनी बहन के घर छिपा हुआ था और पूरा परिवार उसके साथ था। अब उसे एहसास हुआ कि शादी के नाम पर उसके साथ एक सोची-समझी साजिश रची गई है। लगातार प्रताड़ना, डर और दबाव से टूटकर रेखा ने तनाव की हालत में मरकरी का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
जीवन को नए सिरे से शुरू करने की चाह
घटना के बाद महिला ने साफ कहा है कि वह अब अपने जीवन को नए सिरे से शुरू करना चाहती है और अपनी पुरानी पहचान व आस्था की ओर लौटना चाहती है। उसका कहना है कि यह फैसला किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि अपने आत्मसम्मान और मानसिक शांति के लिए है।
पति और एक अन्य परिजन के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर पति और एक अन्य परिजन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी के अनुसार, सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, यह मामला सिर्फ एक घरेलू विवाद नहीं, बल्कि महिला सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।
रेखा की हालत में सुधार
इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार यह मरकरी प्वाइजनिंग का मामला था। रेखा दो दिन तक आईसीयू में गंभीर हालत में रही, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी स्थिति में अब लगातार सुधार हो रहा है और जल्द उसे जनरल वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।