सफीदों आगजनी में घायल दो और महिलाओं की मौत, मृतकों की संख्या नौ हुई
डीसी व एसपी जींद ने पीजीआईएमएस रोहतक पहुंचकर सफीदों आगजनी में घायलों का जाना हालचाल

सत्य खबर हरियाणा
Fire Accident Update : जींद जिले के कस्बे सफीदों में एक मकान में चल रही फैक्ट्री में हुई आगजनी की घटना में अब तक नौ महिलाओं की मौत हो चुकी है तथा अन्य 6 लोग (महिला/पुरुष) घायल होकर विभिन्न हस्पतालों में ईलाज के लिए दाखिल हैं। इस घटना के संबंध में उपायुक्त जींद मोहम्मद इमरान रज़ा भा.प्र.से तथा पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह भा.पु.से. ने पीजीआईएमएस रोहतक पहुंचकर आगजनी की घटना में ट्रामा सैंटर व अन्य वार्ड में दाखिल घायल मरीजों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से मिलकर घायलों के उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी ली तथा पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

उपायुक्त जींद तथा पुलिस अधीक्षक जींद ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुःख की भरपाई कभी नहीं की जा सकती। जिला प्रशासन की संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि हम दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनके विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है ।

बीड़ी ने ले ली 9 महिलाओं की जान
रंग-गुलाल फैक्ट्री में आग लगने के कारणों की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आग मुख्य गेट के पास पड़े मलबे से सुलगी। केमिकल में आग लगने से ज्यादा धुआं हो गया और मजदूरों को रास्ता दिखाई नहीं दिया। अंदर ही मजदूरों का दम घुटने लगा। यदि आग अंदर की तरफ से लगती तो हादसा इतना बड़ा नहीं होता।
जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री के मुख्य गेट पर ताला लगा था, लेकिन इसी गेट में छोटा गेट भी था। उस पर कोई ताला नहीं था। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट के अनुसार, आग मुख्य गेट पर पड़े मलबे लगी और अंदर की तरफ चली गई। कोई वाहन चालक फैक्ट्री में आया था। शायद उसने कोई बीड़ी मलबे में फेंक दी, जिससे आग लगी है।
वाहन चालक का पांव भी झुलसा है। यहां पर पोटाशियम नाइट्रेट का प्रयोग किया जा रहा था, जिसने आग जल्दी भड़की। यह स्मॉग कैंडल है, यह बहुत तेजी से धुआं छोड़ती है। जब आग लगी तो बहुत ज्यादा धुआं हो गया। महिलाओं को रास्ता दिखाई नहीं दिया। यह फैक्टरी लगभग डेढ़ साल से चल रही थी। इसके दो-तीन मालिक बदल चुके हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जहां-जहां यह माल सप्लाई किया जाता था और कच्चा माल जहां से आ रहा था, सभी ठिकानों का पता लगाया जाएगा।
सफीदों में चल रहा सर्च अभियान
उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा के मार्गदर्शन और एसडीएम पुलकित मल्होत्रा के नेतृत्व में अब सफीदों में इस बड़े अग्निकांड के बाद पूरी तरह से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम मिलकर इस बात की जांच कर रही है कि कहीं कोई फैक्ट्री अवैध रूप से तो नहीं चल रही है। सफीदों एसडीएम का कहना है कि किसी भी सूरत में सफीदों में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस घटना से प्रशासन ने बड़ा सबक लिया है और अब सभी जगह सर्च अभियान चला कर सभी फैक्ट्रियों की लिस्ट बनाई जा रही है और इस बात को देखा जा रहा है कि वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं या नहीं। पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि पुलिस और प्रशासन का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अगर उनके आसपास कोई फैक्ट्री चलती है तो उसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को देने का काम करें ताकि उसकी जांच सुनिश्चित हो सके। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि प्रशासन अपने सत्र पर कार्रवाई कर रहा है लेकिन लोगों का सहयोग इस कार्रवाई को और मजबूत कर सकता है।