जेल के अंदर जंग. लुधियाना सेंट्रल जेल में कैदियों का तांडव और अधीक्षक पर जानलेवा हमला

पंजाब के लुधियाना की सेंट्रल जेल से मंगलवार शाम जो खबर सामने आई उसने पूरे प्रशासन को हिला कर रख दिया. ताजपुर रोड स्थित इस जेल में कैदियों के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. हालात इतने बिगड़े कि जेल अधीक्षक को अपनी जान जोखिम में डालकर बीच बचाव करना पड़ा और उसी दौरान उन पर हमला कर दिया गया.
घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है. जेल के एक बैरक में किसी बात को लेकर कैदियों के दो गुट आमने सामने आ गए. पहले बहस हुई फिर हाथापाई शुरू हो गई. कुछ ही मिनटों में पूरा बैरक हिंसा की चपेट में आ गया. शोर शराबा इतना तेज था कि जेल में अफरा तफरी मच गई.
हालात को काबू में करने के लिए जेल सुपरिटेंडेंट कुलवंत सिद्धू अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे. लेकिन तभी हालात और बिगड़ गए. एक कैदी ने ईंट उठाकर उनके सिर पर मार दी. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. खून से लथपथ हालत में उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज जारी है.
सूत्रों के मुताबिक इस झड़प में करीब 200 कैदी शामिल थे. बताया जा रहा है कि करीब 20 मिनट तक जेल के अंदर सायरन बजता रहा जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. घटना के बाद जेल परिसर को सील कर दिया गया और तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची.
पंजाब के जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने घटना की रिपोर्ट तलब की है. वहीं पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं. इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल प्रशासन स्थिति पर काबू पाने की कोशिश में जुटा है और जांच जारी है.