Haryana : सीएम नायब सैनी ने सभी निगम आयुक्तों को दिए यह नये आदेश
सत्य खबर, पानीपत।
दिल्ली में मंत्रियों को विभागों के बंटवारे की चर्चा के बाद सीएम नायब सैनी हरियाणा लौट आए हैं। जिसके बाद उन्होंने रिव्यू मीटिंग शुरू कर दी है। रविवार सुबह सीएम ने चंडीगढ़ में स्थानीय निकाय एवं पंचायती विभाग के अधिकारियों के साथ रिव्यू मीटिंग की।
इस मीटिंग में सीएम ने 22 अक्टूबर को नगर निकायों में समाधान शिविर शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने हिदायत दी कि सुबह 9 से 11 बजे सभी अधिकारी कार्यालय में बैठकर आमजन की समस्याओं का समाधान करेंगे। इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कामकाज की समीक्षा के बाद सीएम सैनी ने 24 अक्टूबर को सुबह 9 बजे सभी नगर निगम आयुक्तों को चंडीगढ़ में तलब कर लिया है।
हरियाणा सरकार लोगों को जन्म प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, आय, प्रधानमंत्री स्वयं रोजगार योजना, विकलांगता प्रमाण पत्र, पेंशन योजना वगैरह से जुड़ी समस्याओं के निपटारे के लिए समाधान शिविर लगाती है। जिनमें इन दस्तावेजों में गड़बड़ी वगैरह को लोग ठीक करवा सकते हैं। इसमें आने वाली शिकायतों का तुरंत निपटारा हो, इसके लिए भी जवाबदेही तय की जाती है।
बीजेपी की नई सरकार में सीएम सैनी के अलावा 13 मंत्रियों ने 17 अक्टूबर को शपथ ली है। जिसमें 11 कैबिनेट और 2 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाए गए हैं। 3 दिन बाद भी अभी इन्हें विभाग नहीं मिले हैं। हालांकि 18 अक्टूबर को सचिवालय पहुंचते ही उन्हें ऑफिस और स्टाफ अलॉट किया जा चुका है। हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष मोहन बड़ौली ने कहा कि एक-दो दिन में मंत्रियों को विभाग बांट दिए जाएंगे।
नायब सैनी बीती शाम (18 अक्टूबर) को कैबिनेट मीटिंग और कुछ कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद दिल्ली रवाना हो गए थे। यहां वह चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मिले। इसके बाद उनकी मुलाकात कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से हुई। इस दौरान सीएम से हरियाणा के तीन विधायक भी मिलने पहुंचे।
देर रात चंडीगढ़ वापसी से पहले सीएम सैनी ने हरियाणा के पूर्व सीएम और अभी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से उनके आवास पर मुलाकात की। बताया जा रहा है कि दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार के नए मंत्रियों के पोर्टफोलियो को लेकर भी केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की।