Haryana News : हत्या के आरोपी पर चलाई गोलियां मौके पर मौत
सत्य खबर, जींद ।
जींद में शुक्रवार (29 नवंबर) सुबह एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। व्यक्ति को बस से उतरने के बाद गोलियां मारी गईं। बस में सवार लोगों ने गोलियां मारने की वीडियो बना ली। वारदात के बाद आरोपी वहां एक मिनट रुका भी। मामला पुरानी रंजिश का बताया जाता है।
मृतक की पहचान गांव ऐंचरा कलां के रहने वाले संजय (40) के रूप में हुई है। उस पर हत्या समेत कई मुकदमे दर्ज थे। बताया जा रहा है कि संजय को जेल हुई थी। वह जमानत पर बाहर आया हुआ था। संजय शादीशुदा था। उसके कोई बच्चा नहीं है।
घटना की सूचना पर सिटी थाना प्रभारी ईश्वर सिंह, सदर थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार और सीआईए स्टाफ इंचार्ज कमल सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को सफीदों के अस्पताल में रखवा दिया है।
सुबह करीब 8 बजे सफीदों में पानीपत रोड स्थित बुटाना नहर मोड़ के पास वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, संजय गोहाना से सफीदों आने वाली हरियाणा रोडवेज की बस में गांव से सवार होकर किसी काम से सफीदों आ रहा था। जैसे ही बस शहर के एंट्री पॉइंट बुटाना नहर मोड़ पर रुकी तो संजय भी वहां उतरा। इसी दौरान वहां खड़े आरोपी ने उस पर फायरिंग कर दी।
गोलियां लगते ही संजय जमीन पर गिया। जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने उसे गोली मारी। आरोपी वहां एक मिनट रुका और फिर फरार हो गया। संजय को 3 गोलियां मारी गई हैं। मौके पर काफी खून बिखरा हुआ था। बस में सवार किसी शख्स ने डायल-112 पर इसकी सूचना दी।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। संभावना है कि संजय की कोई रेकी कर रहा था। फिलहाल अभी पुलिस जांच कर रही है।
सिटी थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने कहा कि सूचना पाकर वह घटनास्थल पर पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। अभी मृतक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।