हरियाणा

Haryana News : महिला के मकान से मिला सेवानिवृत रेलवे कर्मचारी का शव

सत्य खबर, कुरुक्षेत्र ।
कुरुक्षेत्र के शाहबाद में एक महिला के बंद मकान से एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि यह शव रेलवे से रिटायर्ड व्यक्ति का है, जो कई महीनों से लापता था। घर से बदबू आने पर परिजनों को शक हुआ तो खुलासा हुआ।

परिजनों का कहना है कि व्यक्ति का उस महिला के घर आना जाना था। परिजनों के अनुसार, शव की पहचान शाहाबाद के गांव जुबली के रहने वाले नराता राम (60) के तौर पर हुई है। बेटे राकेश कुमार ने बताया है कि उसके पिता कुछ समय पहले रेलवे से सेवानिवृत्त हुए थे। जिस महिला के घर से शव मिला है, वह महिला भी गायब है।

हालांकि, पुलिस ने मौके से कंकाल रूपी शव बरामद किया है। इसलिए, पुलिस का कहना है कि इसका पोस्टमॉर्टम होगा और डीएनए टेस्ट भी करवाया जाएगा। इसके बाद ही तय होगा कि यह शव किसका है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रात को ही एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया था।

जुबली गांव के रहने वाले राकेश कुमार ने बताया है कि यह डेडबॉडी उसके पिता की है। वह कई महीनों से लापता थे। इसके लिए उसने थाने में शिकायत भी दी थी। राकेश ने बताया, ‘आज (शुक्रवार) शाम को हम अमर विहार कॉलोनी में ऐसे ही घूमने गए थे। इसी दौरान हम कॉलोनी के उस घर में चले गए, जिसमें कभी मेरे पिता का आना-जाना था।

CET Fake Website: पंचकुला पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, नकली CET वेबसाइट के मास्टरमाइंड गिरफ्तार
CET Fake Website: पंचकुला पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, नकली CET वेबसाइट के मास्टरमाइंड गिरफ्तार

वहां कोई नहीं था और बहुत तीखी बदबू आ रही थी। हमें शक हुआ तो हमने घर के ताले तोड़े। वहां घर में रखे संदूक में हमें डेडबॉडी मिली। इसके बाद हमने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के आने से पहले हमने किसी चीज को छुआ नहीं था।’

राकेश का कहना है कि पिता के गायब होने के बाद एक बार हम जालंधर गए थे। वहां हमने हिमाचली देवी नाम की महिला के बारे में पूछताछ की। यह महिला जालंधर की ही रहने वाली थी और कुछ समय पहले तक शाहाबाद की अमर विहार कॉलोनी में रह रही थी। यहां भी उसका घर है।

जब इस महिला के बारे में लोगों से पूछताछ तो ज्यादा कुछ पता नहीं चला। हालांकि, जब थाने में जाकर पूछा तो पता चला कि उस महिला ने इससे पहले जालंधर में एक फौजी को भी मार दिया था। उसके उस फौजी के साथ संबंध थे। बाद में उस फौजी की लाश उस महिला के घर में उसके बेड के अंदर मिली थी।

जब पुलिस ने छानबीन की थी तो महिला एकदम मुकर गई थी। उसका कहना था कि उस फौजी को किसी ने मारकर उसके बेड में रखा है। उसका कोई हाथ नहीं है। इसके बाद महिला के ऊपर कोई कार्रवाई भी हुई थी। अब इस मामले में पुलिस कह रही है कि हम उस महिला को पकड़कर लाएंगे और उससे पूछताछ करेंगे।

Haryana Weather Today: 9 जिलों में हुई झमाझम बारिश, क्या ये है बदलते मौसम की चेतावनी?
Haryana Weather Today: 9 जिलों में हुई झमाझम बारिश, क्या ये है बदलते मौसम की चेतावनी?

वहीं, राकेश के एक अन्य परिजन ने बताया है कि कुछ समय पहले नराता राम के खाते से कुछ पैसे निकाले गए थे। एक बार 10 हजार तो एक बार 3 हजार रुपए निकलवाए गए। परिजनों को पता था कि नराता के साथ कोई महिला रहती है, लेकिन कब से रहती है, इसकी जानकारी नहीं थी। जब बैंक खाते से पैसे निकले तो महिला पर शक हुआ। इसके बाद उसकी जानकारी लेने हम जालंधर गए थे।

इधर, पुलिस का कहना है कि लाश की हालत खराब है। पता नहीं वह संदूक में कब का पड़ा था। अब तो वह लगभग कंकाल हो चुका है। उसकी शिनाख्त करना बेहद मुश्किल है। शाहबाद थाने के प्रभारी सतीश कुमार ने बताया है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एलएनजेपी हॉस्पिटल कुरुक्षेत्र भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि राकेश के परिवार की ओर से कई महीने पहले पिता नराता के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई गई थी। अब शव मिला है, लेकिन कहना मुश्किल है कि यह नराता का ही है। इसके लिए पुलिस शव का डीएनए टेस्ट कराएगी। यदि शव नराता का ही कन्फर्म होता है तो आरोपी महिला को खोजकर गिरफ्तार किया जाएगा।

Back to top button