Haryana News : कार सवारो को सिगरेट पीने से रोकना पेट्रोल पंप कर्मचारियों को पड़ा महंगा , जानिए क्या है माजरा

सत्य खबर, सोनीपत ।
सोनीपत में पेट्रोल पंप पर सिगरेट पीने से मना करने पर युवकों ने कर्मचारियों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। युवकों ने इस दौरान पेट्रोल पंप पर जमकर तोड़फोड़ भी की। इस घटना में 2 कर्मचारी घायल भी हुए हैं।
पंप कर्मचारियों ने दीवार में कूदकर आरोपियों से अपनी जान बचाई। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। तोड़फोड़ के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने सीसीटीवी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घायल कर्मचारियों की पहचान अजमेर और तरुण के रूप में हुई है। घायल कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सोनीपत के कुंडली में TDI सिटी गेट के पास स्थित कारगिल शहीद कृष्ण लाल फिलिंग स्टेशन पर रात करीब साढ़े 11 बजे एक कार में सवार होकर 3 युवक पहुंचे। पेट्रोल पंप पर काम करने वाले अजमेंद्र ने एक युवक को सिगरेट पीते देख उनकी कार में पेट्रोल डालने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर 3 युवकों और पेट्रोल पंप कर्मचारी के बीच कहासुनी हो गई। युवकों ने गाली-गलौज और हंगामा शुरू कर दिया।
पेट्रोल पंप पर मारपीट की आवाज सुनकर अन्य कर्मचारी भी वहां पहुंच गए। पेट्रोल पंप कर्मचारियों को देखकर कार सवार युवकों ने अन्य दोस्तों को भी बुला लिया। कुछ ही देर में 2 बाइक और एक अन्य वाहन पर सवार होकर कुछ युवक वहां पहुंच गए। इसके बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीटा। मारपीट में कर्मचारी अजमेर और तरुण घायल हो गए हैं।
मौके पर मौजूद कुछ कर्मचारियों ने दीवार से कूदकर अपनी जान बचाई और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी युवक भाग गए। घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बताया कि रात को आए युवक नशे में थे। उन्होंने कार से उतरते ही सिगरेट जला ली। इससे पेट्रोल पंप पर हादसा होने की आशंका थी। कर्मचारी ने उन्हें सिगरेट पीने से रोका तो वे भड़क गए। सबसे ज्यादा अजमेंद्र की पिटाई की। उसके शरीर पर डंडों से पिटाई के निशान हैं।
पेट्रोल पंप पर हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ युवक हाथों में डंडे लेकर पहुंचे। इसके बाद पेट्रोल कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मारपीट का सीसीटीवी वीडियो जब्त कर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। कुंडली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।