Haryana News: पानीपत से सोनीपत तक हैवानियत की रेलगाड़ी, रेप पीड़िता की कहानी ने हिला दिया हर दिल

Haryana News: 24 जून की रात हरियाणा के पानीपत रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक 33 वर्षीय महिला को दो दरिंदों ने मालगाड़ी के कोच में गैंगरेप का शिकार बनाया। इसके बाद आरोपी महिला को ट्रेन से सोनीपत ले गए। रात में महिला को ट्रेन से धक्का देकर ट्रैक पर फेंक दिया गया। जब वह होश में आई और उठकर चलने की कोशिश करने लगी, तभी एक यात्री ट्रेन ने उसकी टांग कुचल दी। गंभीर हालत में उसे रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने की पुष्टि, मानसिक स्थिति बेहद नाजुक
रोहतक पीजीआई में इलाज के दौरान 4 जुलाई को महिला ने एक महिला डॉक्टर को अपनी आपबीती सुनाई। डॉक्टरों ने उसका मेडिकल चेकअप किया जिसमें रेप की पुष्टि हुई। महिला की मानसिक हालत बेहद कमजोर बताई जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। महिला के पति ने 1 जून को पानीपत के किला थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। महिला की पहचान इसी आधार पर हुई। अब इस गंभीर केस की जांच के लिए जीआरपी और पुलिस की 40 टीमें बनाई गई हैं लेकिन आरोपी अब तक पकड़े नहीं गए हैं।

बयान में बदलाव और बच्चा खोने का दर्द
महिला ने दैनिक जागरण को बताया कि उसके साथ रेप की घटना सोनीपत स्टेशन पर हुई थी जबकि पुलिस को उसने पहले पानीपत स्टेशन की जानकारी दी थी। महिला ने बताया कि उसका अपने पति से झगड़ा हुआ था और वह घर छोड़कर निकल गई थी। रात करीब 10 बजे वह पानीपत स्टेशन पर कुर्सियों पर बैठी थी। तभी दो युवक आए और उसे पानी की टंकी की ओर ले गए। फिर उसे मालगोदाम की तरफ ले जाकर रेप किया गया। बाद में दोनों युवक उसे ट्रेन से सोनीपत ले गए और स्टेशन पर धक्का देकर ट्रैक पर फेंक दिया। जब वह उठकर भागने लगी तो उसकी टांग ट्रेन की चपेट में आ गई। महिला का तीन साल का बेटा 9 जून को बीमारी से चल बसा था जिससे उसका मानसिक संतुलन भी बिगड़ गया।
पुलिस की कार्रवाई और अगला कदम
अब पुलिस इस मामले को सुलझाने के लिए हरसंभव कोशिश कर रही है। एसपी जीआरपी अंबाला निकिता गहलोत ने मंगलवार को सोनीपत पहुंचकर जीआरपी एसएचओ से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि 40 टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी हैं। जल्द ही महिला की मानसिक स्थिति ठीक होने पर उसे राज्य के 16 रेलवे स्टेशनों की तस्वीरें दिखाई जाएंगी ताकि वह सटीक स्थान की पहचान कर सके। पुलिस आसपास की बस्तियों से संदिग्ध लोगों की पहचान में भी जुटी है जो इस प्रकार की जघन्य घटना को अंजाम दे सकते हैं।