IPL 2025: IPL 2025 का आखिरी हफ्ता! मुंबई और दिल्ली के बीच जबरदस्त टकराव, कौन मारेगा बाज़ी?

IPL 2025 का लीग स्टेज अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है और प्लेऑफ की रेस में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच जबरदस्त मुकाबला चल रहा है। अब तक खेले गए 61 मैचों में आरसीबी पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस ने प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लिया है। मुंबई इंडियंस 12 मैचों में 7 जीत के साथ 14 अंकों पर है और पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स 12 मैचों में 6 जीत और 1 टाई के साथ 13 अंकों पर है और पांचवें स्थान पर बनी हुई है।
दोनों टीमों के पास हैं दो-दो मौके
मुंबई और दिल्ली के पास अब दो-दो मुकाबले बाकी हैं जो उनके पूरे सीजन का फैसला करेंगे। इन दोनों टीमों की भिड़ंत 21 मई को होगी जो सीधे तौर पर प्लेऑफ की दिशा तय कर सकती है। उसके बाद दिल्ली का मुकाबला 24 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में पंजाब किंग्स से होगा। वहीं मुंबई अपनी आखिरी लीग मैच 26 मई को पंजाब के खिलाफ खेलेगी। इन तीन मुकाबलों के नतीजे दोनों टीमों की किस्मत लिखेंगे।
मुंबई के लिए क्या है समीकरण
अगर मुंबई इंडियंस अपने दोनों बचे मुकाबले जीत जाती है तो वह सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी और दिल्ली की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। यानी मुंबई के लिए अब हर मैच जीतना जरूरी हो गया है। अगर वह दिल्ली को हराकर पंजाब को भी मात देती है तो उसकी जगह पक्की हो जाएगी।
दिल्ली के लिए रास्ता कैसा है
दिल्ली कैपिटल्स अगर अपने दोनों मैच जीतती है तो वह 17 अंकों के साथ सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी और मुंबई बाहर हो जाएगी। लेकिन अगर दिल्ली मुंबई को हराकर पंजाब से हार जाती है और मुंबई पंजाब को हरा देती है तो 5 बार की चैंपियन मुंबई को फायदा मिलेगा। यानी पंजाब के खिलाफ दोनों टीमों का प्रदर्शन सबसे बड़ा फैक्टर बनने वाला है।
फैसलों से भरपूर होगा आखिरी हफ्ता
आईपीएल 2025 का यह आखिरी हफ्ता बेहद रोमांचक होने वाला है क्योंकि हर मैच का नतीजा प्लेऑफ की तस्वीर बदल सकता है। मुंबई और दिल्ली दोनों के पास मौका है लेकिन एक भी गलती उन्हें बाहर कर सकती है। पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले दोनों टीमों की किस्मत तय करेंगे। फैंस के लिए यह हफ्ता असली थ्रिलर से कम नहीं होगा।