जींद में बना दिया चलता फिरता पेट्रोल पंप

हरियाणा के जींद जिले में कुछ लोगों ने चलते-फिरते पेट्रोल पंप बना दिए हैं। ऐसे ही एक चलते फिरते पेट्रोल पंप के खिलाफ उचाना के एएफएसओ की शिकायत पर पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक और पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उचाना की एएफएसओ बबीता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि 12 नवंबर को नगूरां गांव में स्थित एक पेट्रोल पंप डीलर द्वारा शिकायत दी गई थी कि बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर के पीछे टैंकर से बिना परमिशन और लाइसेंस के नोजल से डीजल का वितरण अन्य वाहनों में किया जा रहा है। टैंकर के पीछे एक डिस्पेंसिंग मशीन भी लगी हुई है जिसमें रीडिंग और रेट इत्यादि दर्शाए गए हैं। इस शिकायत के आधार पर एएफएसओ बबीता अपने साथ विभाग के निरीक्षक जगविंदर और नापतोल विभाग के निरीक्षक कुलदीप सिंह को साथ लेकर मौके पर पहुंची तो एक ट्रैक्टर, जो ज्योति रिन्युवल एनर्जी के नाम से रजिस्टर्ड है, मिला। ट्रैक्टर मालिक ने बताया कि वह जींद बायो एनर्जी में काम करता है और यह डीजल तेल मंडोत्रा किसान सेवा केंद्र से दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि डिस्पेंसिंग मशीन की परमिशन लेना जरूरी है लेकिन इन लोगों ने इस मशीन की भी कोई परमिशन नहीं ली है।
एएफएसओ बबीता ने ट्रैक्टर और टैंकर दोनों को कब्जे में लेकर नगूरां पुलिस चौकी के हवाले कर दिए हैं। एएफएसओ ने इस मामले में जींद डीएफएससी को पत्र लिखकर कार्रवाई के बारे में पूछा था। जींद डीएफएससी ने इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
अलेवा थाना पुलिस ने एएफएसओ बबीता की शिकायत पर ट्रैक्टर मालिक और पेट्रोल पंप चालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु एवं सेवा अधिनियम तथा धोखाधड़ी की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।