हरियाणा में AQI में उछाल, पारा नीचे गिरा
हरियाणा में AQI में उछाल, पारा नीचे गिरा

Satya Khabar,Panchkula
Haryana Weather Update : हरियाणा के AQI ने एक बार फिर उछाल मारी है। कल की तुलना में आज AQI में 150 से ज्यादा का इजाफा देखा गया है। आज सुबह 7:00 बजे हरियाणा का औसत AQI 491 दर्ज किया गया। कल शाम 7:00 बजे से ही हरियाणा की हवा खतरनाक श्रेणी में पहुंच गई थी और आज सुबह 6:00 यह 473 और 7:00 बजे 491 दर्ज की गई। 7:30 पर यह 488 पर बनी हुई थी।
हरियाणा की जहरीली होती हवा के बीच देश के टॉप 10 प्रदूषित इलाकों में पांच हरियाणा के हैं। सुबह 7:00 दर्ज आंकड़ों के अनुसार हरियाणा का सिवानी AQI 880 के साथ देश का सबसे प्रदूषित इलाका बना हुआ था। हरियाणा के रोहतक का AQI 653 दर्ज किया गया और यह देश के प्रदूषित इलाकों में चौथे स्थान पर था। हरियाणा के हिसार का AQI 599, नौल्था का 595 और दरियापुर का भी 595 दर्ज किया गया। यह तीनों देश के प्रदूषित इलाकों में क्रमशः 8, 9 और 10 पर बने हुए थे।
हरियाणा के अंबाला और पंचकूला में AQI 200 से कम दर्ज किया गया है। पंचकूला में यह 180 और अंबाला में 195 दर्ज किया गया। इन दोनों शहरों में हवा अस्वस्थ श्रेणी में दर्ज हुई है।
हरियाणा के फरीदाबाद में AQI 588, सोनीपत में 579, मानेसर में 577, बेगमपुर में 517, गुरुग्राम में 516, बहादुरगढ़ में 416, कैमला में 404, पलवल में 398, धारूहेड़ा में 396, करनाल में 378, पानीपत में 376, भिवानी में 370, जींद में 354, मांडी खेड़ा में 336 और चरखी दादरी में 320 दर्ज किया गया। इन सभी इलाकों में हवा खतरनाक श्रेणी में थी।
हरियाणा की कुछ शहरों में हवा गंभीर श्रेणी में है। इनमें फतेहाबाद में AQI 293, सरसौली 290, कुरुक्षेत्र 284, नारनौल 241, कैथल 239, सिरसा 238 यमुनानगर 237 शामिल हैं।
बर्फबारी का पड़ रहा सीधा असर
हरियाणा मौसम विशेषज्ञ डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, इस वक्त पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का सीधा असर मैदानी क्षेत्रों में पड़ रहा है। बताया कि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर जरूर है, लेकिन इसका असर कुछ दिनों तक बना रहेगा। अगले 4 से 5 दिनों तक दिन के समय ठंड और बढ़ सकती है। दिन में हल्के बादल छाने से तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट होने की उम्मीद है। रातें पहले से ज्यादा ठंडी हो रही हैं क्योंकि उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं लगातार बह रही हैं।
हिसार का तापमान 6.3
तापमान की बात करें तो हिसार में इस सीजन का सबसे कम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो अब तक का बड़ा गिरावट है। यही नहीं, हरियाणा के कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। नारनौल, महेंद्रगढ़, सिरसा, भिवानी, करनाल और सोनीपत जैसे शहरों में भी सुबह-सुबह अच्छी खासी ठंड महसूस की जा रही है। धुंध के कारण दृश्यता भी कुछ इलाकों में कम बनी हुई है।