कांग्रेस नेता निकले मंडियों के दौरे पर, किसानों की समस्याएं सुनीं
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री पर साधा निशाना

सत्य खबर हरियाणा
Congress Leaders in Grain Markets : हरियाणा में गेहूं की खरीद का काम शुरू होते ही अब कांग्रेस के नेता भी मंडियों के दौरे पर निकल पड़े हैं। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और हरियाणा में प्रतिपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा मंडियों के दौरे पर जाकर किसानों से सीधे बातचीत कर रहे हैं और उनकी समस्याओं को जानने का काम कर रहे हैं।
यमुनानगर की साढ़ौरा अनाज मंडी में आज पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दौरा कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान हुड्डा ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मीडिया से रूबरू होते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि वे पूरे हरियाणा की अनाज मंडियों का दौरा करेंगे, क्योंकि फसल खरीद को लेकर किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बेमौसम बरसात, पोर्टल की दिक्कतें, गेट पास और बायोमेट्रिक जैसी प्रक्रियाओं ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों को फसल खरीद को लेकर ऐसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता था।
मुख्यमंत्री नायब सैनी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि “प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती।” उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान आज खरीद प्रक्रिया से दुखी है जबकि बीमा कंपनियां किसानों के नाम पर मुनाफा कमा रही हैं। हुड्डा ने दोहराया कि कांग्रेस किसानों के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के उस बयान पर भी हुड्डा ने चुटकी ली जिसमें मंत्री ने बेमौसम बरसात को किसानों की फसल के लिए वरदान बताया था। उन्होंने व्यंग कसते हुए कहा कि अगर बरसात से किसानों की दो एकड़ फसल बढ़ जाएगी तो जहां ओले पड़े हैं वहां फसल चार एकड़ बढ़ सकती है।
क्या बोले राव नरेंद्र सिंह
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मंडियों का दौरा कर किसानों से विस्तृत चर्चा की एवं बारिश की कारण हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने मंडियों में बारिश के कारण भीगे गेहूं के मुद्दे पर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की महीनों की मेहनत आज मंडियों में भीगकर बर्बाद हो रही है, लेकिन सरकार और प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मौसम की चेतावनियों के बावजूद मंडियों में गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। तिरपाल, शेड और भंडारण की उचित व्यवस्था न होने के कारण किसानों की फसल खुले में पड़ी रही और बारिश में भीग गई, जिससे भारी नुकसान हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और खराब प्रबंधन का खामियाजा सीधे किसानों को भुगतना पड़ रहा है। किसान पहले ही बढ़ती लागत और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, ऐसे में फसल का नुकसान उसकी स्थिति को और गंभीर बना रहा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि भीगे गेहूं का तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए मंडियों में पुख्ता और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
राव नरेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करने पर मजबूर होगी।
#Haryana #Congress #FarmersIssues #MarketTour #Leadership #CommunityEngagement #Agriculture #FarmersVoice #LocalMarkets #PoliticalLeadership #RuralDevelopment #FarmersRights #SocialOutreach #SustainableAgriculture #HaryanaPolitics #SupportFarmers #VoicesOfFarmers #EmpowerFarmers #HaryanaFarmers