पेट्रोल डीजल के दामों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस उतरेगी सड़क पर
राव नरेंद्र सिंह, कुमारी शैलजा और रणदीप सुरजेवाला ने जताया विरोध

सत्य खबर हरियाणा
Congress oppos the price rise of petroleum products : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों ने देश की जनता को महंगाई की दोहरी मार झेलने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार इजाफा होने से आम आदमी का जीवन संकट में पड़ता जा रहा है और हर घर का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने 15 मई को तीन रुपए से अधिक प्रति लीटर की बढ़ोतरी करके जनता पर अनावश्यक बोझ डालने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सबसे अधिक असर परिवहन व्यवस्था और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है। ट्रकों और मालवाहक वाहनों का खर्च बढ़ने से फल, सब्जियां, दूध, अनाज और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं महंगी हो जाती हैं, जिसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग की जेब पर पड़ता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पेट्रोल और डीजल महंगे होने से ऑटो-रिक्शा, बस और टैक्सी का किराया भी बढ़ रहा है, जिससे आम नागरिक का सफर कठिन और महंगा हो गया है। निजी वाहन चलाना भी अब आम परिवारों की पहुंच से बाहर होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। डीजल से चलने वाले ट्रैक्टर, ट्यूबवेल और सिंचाई पंप महंगे पड़ने से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे किसान आर्थिक संकट में फंसता जा रहा है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी बताया कि उन्होंने राज्य की सभी जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि वे अपने-अपने जिला मुख्यालयों पर पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों के विरोध में 18 से 20 मई तक किसी भी एक दिन रोष प्रदर्शन आयोजित करें और महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे ताकि केंद्र सरकार पर इस मूल्यवृद्धि को वापस लेने का दबाव बनाया जा सके।
चुनाव खत्म, मोदी की वसूली शुरू: कुमारी सैलजा
सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही मोदी सरकार ने जनता से वसूली शुरू कर दी है। सांसद ने कहा कि चुनावों तक राहत का दिखावा करने वाली भाजपा सरकार अब आम आदमी की जेब पर सीधा हमला कर रही है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में लगातार बढ़ोतरी से महंगाई और बढ़ेगी, जिसका असर हर वर्ग पर पड़ेगा। कुमारी सैलजा ने कहा कि पहले से ही महंगाई से परेशान जनता को अब परिवहन, रसोई गैस, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के बढ़ते दामों का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ेगा। भाजपा सरकार की नीतियां केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाली हैं, जबकि आम नागरिक की परेशानियों की कोई चिंता नहीं की जा रही। कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार से तुरंत बढ़े हुए दाम वापस लेने और जनता को राहत देने की मांग की।
मोदी सरकार ने 11 साल में 21 बार एक्साइज ड्यूटी बदली : रणदीप सुरजेवाला
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि 2014 से 2025 तक मोदी सरकार ने पेट्रोल पर औसतन 19.70 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 15.50 रुपए प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी लगाई है। मोदी सरकार ने 2014-25 के बीच 21 बार एक्साइज ड्यूटी बदली, जिसमें 12 बार इसे बढ़ाया गया। वहीं, बहुत ही थोड़ा कम किया गया।27 मार्च 2026 को मोदी सरकार ने कहा कि पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपए से घटाकर 10 रुपए किया जा रहा है, वहीं डीजल पर एक्साइज ड्यूटी जीरो की जा रही है।लेकिन असलियत में जनता को इसका कोई फायदा नहीं मिला, इसका पूरा फायदा सिर्फ तेल कंपनियों की जेब में गया।
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि जब भी चुनाव खत्म होता है, नरेंद्र मोदी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा देते हैं, ये इनका इतिहास रहा है। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी इस बारे में लोगों को आगाह किया था।
1. #HaryanaProtest 2. #CongressAgainstPriceHike 3. #PetrolDieselPriceRise 4. #FuelPriceProtest 5. #HaryanaCongress 6. #PriceHikeAwareness 7. #StandAgainstInflation 8. #HaryanaVoices 9. #FuelCostStruggle 10. #ProtestForThePeople 11. #EconomicJusticeHaryana 12. #HaryanaOnTheStreets 13. #DemandFairPrices 14. #CongressForChange 15. #HaryanaFuelCrisis 16. #RiseAgainstHike 17. #HaryanaUnity 18. #PeoplePowerHaryana 19. #FuelPriceRevolution 20. #HaryanaProtests2026