बहादुरगढ़ की चार फैक्ट्रियों में लगी आग, दमकल की देर से पहुंच से हुआ करोड़ों रुपये का भयानक नुकसान

Fire in Factories : बीती देर रात बहादुरगढ़ में एक साथ अचानक चार फैक्ट्रियों में आग लगने से करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया। आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र के पार्ट 2 में लगी इन फैक्ट्रियों में जूते चप्पल, प्लास्टिक दाना और थर्मोकोल बनाने का काम किया जाता था। आग लगने के कारण फैक्ट्रियों के अंदर रखा कच्चा और तैयार माल जलकर पूरी तरह से राख हो गया।
बताया गया है कि फैक्ट्रियों के अंदर प्लास्टिक, रबड़ और ज्वलनशील केमिकल रखा होने के कारण फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बहादुरगढ़ के अलावा सांपला, झज्जर, रोहतक और दिल्ली से फायर की 18 गाड़ियों मौके पर पहुंची और करीब 7 घंटे में आग पर काबू पाया गया। इतना ही नहीं उद्योगपतियों ने फायर ब्रिगेड को समय पर सूचना देने के बावजूद गाड़ियां देर से पहुंचने का आरोप लगाया है।

बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र छिकारा ने बताया कि सबसे पहले आग आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र पार्ट- 2 में स्थित 2249 नंबर फैक्ट्री में लगी थी। देखते ही देखते इसके साथ लगती 2248 और 2250 के अलावा एक और अन्य फैक्ट्री में भी आग फैल गयी। उन्होंने बताया कि इन फैक्ट्री में जूता -चप्पल, प्लास्टिक दाना और थर्माकोल बनाया जाता है। इतना ही नहीं उन्होंने फायर ब्रिगेड की गाड़ियां देर से पहुंचने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि समय रहते फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दे दी गई थी। अगर गाड़ियां समय पर पहुंचती तो आग फैलने से बचाई जा सकती थी।
बता दें कि भीषण आग के चलते फैक्ट्री के अंदर रखा लाखों रुपए का कच्चा और तैयार माल जलकर पूरी तरह से राख हो गया है। इतना ही नहीं फैक्ट्री के भवनों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। आग पर काबू पाने के लिए बहादुरगढ़, झज्जर, रोहतक, सांपला और दिल्ली से भी फायर ब्रिगेड की एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां बुलाई गई है। वहीं आसपास की फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी फैक्ट्रियों से सामान निकलते हुए भी दिखाई दिए। ताकि उद्योगपतियों को होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।