कांग्रेस को अलविदा कह पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा हुए इनेलो में शामिल 101 पंडितों ने मंत्रोच्चारण कर अभय कोप्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनने का दिया आर्शीवाद
कांग्रेस को अलविदा कह पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा हुए इनेलो में शामिल 101 पंडितों ने मंत्रोच्चारण कर अभय कोप्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनने का दिया आर्शीवाद

Satya Khabar Sirsa
मंगलवार को इनेलो को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली जब पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा ने बड़ा जलसा किया और कांग्रेस को अलविदा कह इनेलो का दामन थाम लिया। उनके साथ हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी इनेलो की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस के अलावा बीजेपी और आम आदमी पार्टी को छोड़कर भी सैंकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता इनेलो में शामिल हुए। इनेलो में शामिल होने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने सभी का तहेदिल से अभिनंदन किया और आभार प्रकट किया। इस दौरान इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय संरक्षक चौधरी संपत सिंह, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान, पूर्व विधायक ओमप्रकाश गोरा, पूर्व विधायक रणबीर मंदोला और जिला अध्यक्ष अशोक ढाणी माहू समेत पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा के इनेलो में शामिल होने पर ब्राह्मण समाज के 101 पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण कर चौधरी अभय सिंह चौटाला का राज्याभिषेक किया, शंखनाद किया और प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनने का आर्शिवाद दिया।
वासुदेव शर्मा ने कहा कि आज उन्होंने चौधरी अभय सिंह चौटाला को मुख्यमंत्री की पगड़ी पहना दी है और प्रण लिया है कि जब तक इनेलो की हरियाणा में सरकार नहीं बनती तब तक पैरों में जूती नहीं डालेंगे और दिन रात मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि आज यहां जो भी लोग आए हैं वो केवल ब्राह्मण नहीं हैं बल्कि छतीस बिरादरी से आए लोग हैं और सभी ईमानदारी से प्रयासरत हैं कि इस भ्रष्ट बीजेपी सरकार को हरियाणा से उखाड़ फेंका जाए। वासुदेव शर्मा ने चौधरी देवीलाल को याद करते हुए कहा कि 1987 में 90 में से 87 सीटें आई थी और हरियाणा मे इतिहास बनाया था। मुझे इस बात का गर्व है कि चौधरी देवीलाल की तीन पीढिय़ों के साथ काम करने का मौका मिला है।
इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक चौधरी संपत सिंह ने कहा कि बीजेपी लोगों को जाति और धर्म के नाम तोडऩे का काम करती है। चौधरी देवीलाल जिस तरह से छतीस बिरादरी के लोगों को जोडक़र सोशल इंजिनियरिंग करते थे वैसे ही सभी जाति और धर्म के लोगों को जोडऩे का समय आ गया है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने सभी जातियों और धर्म के लोगों को जोड़ कर सत्ता हासिल की थी और राजनीति में कैसे सभी जाति और धर्म के लोगों को ताकतवर बनाया जाए और कैसे उनकी एक पहचान बने उसके लिए विभिन्न जातियों के लोगों को विधायक, सांसद और मंत्री बनाया। बीजेपी लोगों को धर्म और जाति के नाम पर लड़ा कर सत्ता में बने रहना चाहती है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज बेरोजगारी बेतहाशा बढ़ी हुई है और नशा खुलेआम बिक रहा है। उन्होंने ऐलान किया कि इंडियन नेशनल लोकदल की सरकार बनने पर 3 मुख्य प्राथमिकताएं होंगी। नंबर एक हर घर से एक पढ़े लिखे योग्य युवा को रोजगार देंगे। दूसरा प्रदेश से बदमाशों को जड़ से सफाया करेंगे और बदमाश नाम की चीज हरियाणा में नहीं मिलेगी।
तीसरा आज प्रदेश का युवा नशे के कारण बर्बाद हो रहा है उसके लिए नशे को भी जड़ से खत्म करके युवा पीढ़ी को बचाने का काम करेंगे। साथ ही जब तक इनेलो उंचाईयों पर नहीं पहुंच जाती तब तक दिन रात मेहनत करूंगा और जनता के बीच जाकर कांग्रेस और बीजेपी की पोल खोलूंगा।
इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि आज रक्षक ही भक्षक बन गए हैं। बीजेपी के राज में किसानों की आमदनी दुगनी होने के बजाय आधी रह गई है। हरियाणा का 33 प्रतिशत हिस्सा पानी में डूब गया लेकिन अभी तक किसानों को उसकी बर्बाद हुई फसल का मुआवजा नहीं मिला है। बीजेपी ने हरियाणा की हालत बेहद खराब कर दी है। स्कूलों में मास्टर नहीं हैं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, नहरों में पानी नहीं है, रोड़ टूटे पड़े हैं। मुख्यमंत्री के पास जब लोग काम के लिए जाते हैं तो सीएम उनका मजाक उड़ाते हैं।