Haryana News: हरियाणा के पूर्व सीएम सचिव पर ईडी की बड़ी कार्रवाई! 14 करोड़ की अवैध संपत्ति का खुलासा

Haryana News: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रधान सचिव रहे एम एल टायल के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने टायल की 9 संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। इन संपत्तियों में चंडीगढ़, नई दिल्ली और गुरुग्राम में स्थित दो घर और सात फ्लैट शामिल हैं।
14.06 करोड़ रुपये की अघोषित संपत्ति की जांच में खुलासा
ईडी की जांच में सामने आया कि एम एल टायल और उनके परिवार ने 1 जनवरी 2006 से 31 दिसंबर 2014 के बीच 14.06 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्ति अपने ज्ञात स्रोतों से अधिक अर्जित की। आरोप है कि इन संपत्तियों की खरीद अवैध तरीके से अर्जित पैसों से की गई थी। ईडी ने टायल, उनकी पत्नी सविता टायल और बेटे कार्तिक टायल के वित्तीय लेनदेन, इनकम टैक्स रिकॉर्ड और शेयर बाजार में गतिविधियों की गहन जांच की।

कंपनियों पर छापा: नोएडा और लखनऊ में छुपा था फर्जीवाड़े का जाल
ईडी की चंडीगढ़ यूनिट ने 4 जुलाई को उत्तर प्रदेश के नोएडा और लखनऊ में तीन संदिग्ध कंपनियों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने कई डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड जब्त किए। ये कंपनियां आईटी कंपनियों के रूप में अपना परिचय दे रही थीं लेकिन इनके पीछे फर्जी डायरेक्टर और काले धन को सफेद करने का नेटवर्क काम कर रहा था।
103 करोड़ से ज्यादा की रकम और 116 बैंक अकाउंट सीज़
इन फर्जी कंपनियों से जुड़े 116 बैंक खातों को ईडी ने फ्रीज़ कर दिया है। इनमें से 16 खातों में 103 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम जमा थी जिसे अब जब्त कर लिया गया है। ये कंपनियां वॉलेट आधारित एपीआई, आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम, डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर और बिल पेमेंट जैसी सेवाएं देने का दावा करती थीं लेकिन असल में ये मनी लॉन्ड्रिंग में लिप्त थीं।
क्यूएफएक्स, वाईएफएक्स और एमएलएम घोटाले से जुड़े हैं तार
ईडी के अनुसार ये कंपनियां QFX, YFX ऑनलाइन फॉरेक्स और मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) स्कैम से जुड़ी हुई थीं जिनमें देशभर के हजारों निवेशकों से धोखाधड़ी की गई थी। इन कंपनियों ने फर्जी निवेश योजनाओं और मुनाफे के झूठे वादों के जरिए करोड़ों रुपये का चूना लगाया। ईडी का कहना है कि जांच अब और गहराई में जाएगी और कई अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।