हरियाणा के ‘गालीबाज’ सिंगर ने मंच से दी गालियां, हरियाणा महिला आयोग और देहरादून पुलिस ने भेजा नोटिस
विवादों से गहरा नाता रहा है माफी मांग सिंगर का

सत्य खबर हरियाणा
Masoom Sharma : हरियाणवी गायक मासूम शर्मा लगातार विवादों में रहने के लिए जाने जाने लगे हैं। मासूम शर्मा जींद में एक कार्यक्रम में सरपंचों को अपमानित करने के बाद अब देहरादून में मंच से ताबड़तोड़ गालियां देते हुए नजर आए और बाद में उन्होंने माफी भी मांग ली। लेकिन इस बीच हरियाणा महिला आयोग और देहरादून पुलिस ने मासूम शर्मा को नोटिस जारी कर दिया है। हरियाणा महिला आयोग ने उन्हें 18 अप्रैल को सुबह 11:00 बजे पंचकूला स्थित आयोग के कार्यालय में बुलाया है।
डीएवी पीजी कॉलेज, देहरादून के छात्र संघ सप्ताह समारोह में मासूम शर्मा ने अपनी प्रस्तुति दी, लेकिन इस दौरान माहौल तब बदल गया जब मासूम शर्मा ने मंच से ही गालियां देनी शुरू कर दी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए नोटिस भेजा है। उधर, वीडियो वायरल होने के बाद मासूम शर्मा ने वीडियो जारी कर माफी भी मांगी है। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी शिरकत की। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जाने के बाद मासूम शर्मा ने मंच पर गाली गलौज शुरू कर दी। आपत्तिजनक शब्द बोलने पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी, स्टाफ और मौजूद छात्र छात्राएं भी असहज हो गए। साथ ही गायक मासूम शर्मा जिस समय मंच से गाली दे रहे थे, उस दौरान खानपुर विधायक उमेश शर्मा भी मौजूद थे। विधायक ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वे नहीं रुके।
अब मासूम शर्मा के मंच से गाली देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सफाई देते हुए माफी मांगी है। मासूम शर्मा ने कहा, पिछले कुछ समय से एक संदिग्ध व्यक्ति उन्हें परेशान कर रहा है। उन्होंने उसे फोन भी किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। उसी तनाव का असर मंच पर दिखाई दिया। यदि मेरे शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है तो इसके लिए माफी मांगता हूं।मासूम शर्मा ने कहा कि, देहरादून में कार्यक्रम के लिए अपनी टीम के साथ एक होटल में ठहरे हुए थे। पिछली रात से एक संदिग्ध युवक होटल के आसपास चक्कर काट रहा था। हालांकि शुरुआत में इसे सामान्य समझा, लेकिन बाद में अमेरिका से चाचा के बेटे का फोन आया और बताया कि एक व्यक्ति ने फोन कर अभद्र बातें की और इसके बाद पूरी रात वह और उनकी टीम तनाव में रही।
इस पूरे मामले पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि, डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्र संघ सप्ताह के समापन कार्यक्रम में हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा द्वारा कार्यक्रम के दौरान स्टेज से गाली गलौज करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। जिसमें डालनवाला पुलिस द्वारा सभी तथ्यों पर विस्तृत जांच की जा रही है। गायक को नोटिस भेजा गया है। जांच के दौरान प्रकाश में आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणवी गायक मासूम शर्मा पहले भी विवादों में रहे हैं। साल 2024 में एक महिला ने गायक पर मारपीट और छेड़खानी का आरोप लगाया था। साल 2025 में हरियाणा सरकार ने गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में उनके गानों को यूट्यूब से हटाने का आदेश दिया था। इसके अलावा, फरवरी 2026 में जींद में एक लाइव शो के दौरान पूर्व सरपंच के साथ बदसूलकी और मंच से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के कारण भी विवाद हुआ था। मासूम शर्मा ने तब कहा था कि ’70 सरपंच हांडै।’
हरियाणा महिला आयोग और देहरादून पुलिस द्वारा नोटिस भेजने के बाद इस मामले ने और तूल पकड़ लिया है। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि गालीबाज सिंगर विवादों को जानबूझकर क्रिएट करते हैं ताकि वह सुर्खियों में बने रह सकें।
#masoomsharma #Haryanvisinger