अब सोनीपत, करनाल, पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद और अंबाला में पिंक रैपिडो
हर शहर 30 रैपिडो, एससी महिलाएं कर सकेंगी आवेदन

सत्य खबर हरियाणा
Pink Rapido : हरियाणा सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और शहरों में महिला यात्रियों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराने के लिए नई पहल शुरू कर रही है। ‘पिंक रैपिडो’ योजना के तहत चयनित युवतियों को सरकार की ओर से मुफ्त ई-स्कूटर दिए जाएंगे और शुरुआती छह महीनों तक उन्हें 12 से 14 हजार रुपये मासिक प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। पायलट योजना के रूप में अभी यह योजना सोनीपत, करनाल, पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद और अंबाला में शुरू की जा रही है। इन शहरों में योजना क्रियान्वित होने और उसका असर देखने के बाद इसे पूरे हरियाणा में लागू किया जाएगा। पहले चरण में आवेदन करने की अंतिम तिथि 13 मार्च निर्धारित की गई है।
सरकार इस योजना में दोहरा उद्देश्य सामने रखकर चल रही है। एक ओर तो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की युवतियों को रोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का काम किया जाएगा। दूसरी ओर शहरों में कम दूरी की यात्रा को महिलाओं के लिए सुरक्षित और सस्ता बनाया जा सकेगा। योजना के तहत महिला चालक मोबाइल एप के माध्यम से महिला यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ-साथ छोटे सामान की डिलीवरी का काम भी करेंगी।
‘पिंक रैपिडो’ में केवल महिला चालक ही महिला यात्रियों को सफर कराएंगी, जिससे सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ेगा। शुरुआती चरण में छह जिलों से अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग की 30 युवतियों का चयन किया जाएगा। योजना को लागू करने के लिए अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग ने महिला गतिशीलता पहल के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोनीपत, करनाल, पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद और अंबाला जिलों की पात्र महिलाएं इसके लिए आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन के लिए शर्तें
आवेदन करने वाली महिला के पास दोपहिया वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है। एक से दो वर्ष का वाहन चलाने का अनुभव रखने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदिका की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसे मोबाइल एप व नेविगेशन टूल्स का उपयोग करना आना चाहिए। इसके अलावा आवेदिका के परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगी। इच्छुक महिलाएं जिला कल्याण अधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर आवेदन कर सकती हैं। सरकार का मानना है कि यह योजना महिलाओं को रोजगार देने के साथ-साथ शहरों में सुरक्षित और तेज परिवहन की नई व्यवस्था भी विकसित करेगी।