8 मई को गुरुग्राम में बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में शामिल होंगे राहुल गांधी
हरियाणा कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता होंगे शामिल, अब तक बता रहे थे निजी यात्रा

सत्य खबर हरियाणा
Haryana Congress politics : हरियाणा की कांग्रेस राजनीति में बड़ा धमाका हो गया है। राहुल गांधी 8 मई को गुरुग्राम में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में भाग लेंगे। कांग्रेस के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी खांडसा रोड से लेकर सदर बाजार तक यात्रा में शामिल रहेंगे और इस दौरान कम से कम एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा कांग्रेस में शुरू से ही चर्चा में रही है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राव नरेंद्र सिंह इस यात्रा को बृजेंद्र सिंह की निजी यात्रा बताते हुए खुद को अलग रखे हुए थे। इस यात्रा को शैलजा और रणदीप सुरजेवाला का समर्थन मिल रहा था लेकिन कांग्रेस के बाकी गुट खुद को इससे अलग रखे हुए थे। अब राहुल गांधी के इस यात्रा में शामिल होने से कांग्रेस की राजनीति में एक अलग संदेश जाएगा। इस यात्रा में राहुल गांधी के आने के साथ ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और हरियाणा विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा समेत अनेक कांग्रेस नेता सद्भाव यात्रा में पहुंचेंगे।
बृजेंद्र सिंह और उनके पिता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह शुरू दिन से यह कह रहे हैं कि उनकी इस यात्रा को राहुल गांधी का आशीर्वाद हासिल है। इस यात्रा के दौरान कम से कम तीन बार बृजेंद्र सिंह यात्रा कार्यक्रम को बीच में रोककर दिल्ली राहुल गांधी से मिलने के लिए भी पहुंचे थे। यात्रा के बिल्कुल अंतिम क्षणों में राहुल गांधी के इस यात्रा में आने से बृजेंद्र सिंह के हौंसले बुलंद हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा में इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी का यह पहला दौरा होगा। उनके सुरक्षा कर्मी बुधवार को ही गुरुग्राम पहुंचकर रूट और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
बृजेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह के पुत्र हैं। वह हरियाणा में पदयात्रा करने के बाद अब गुरुग्राम की ओर बढ़ रहे हैं। इस यात्रा को अब तक पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता निजी पहल बताते रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी की मौजूदगी से इसे बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कार्यक्रम से हरियाणा में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिल सकती है और आगामी राजनीतिक समीकरणों पर इसका असर पड़ना तय है।
राहुल गांधी के इस आगमन से कांग्रेस के उन नेताओं के मुंह पर भी ताला लगने का काम होगा जो पिछले कुछ समय से इस यात्रा को लेकर कुछ भी बोलने का काम करते थे। अभी कुछ दिन पहले ही सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा था कि कुछ समय पहले तक भाजपा की मलाई चाटने वाले आज हरियाणा कांग्रेस के राहुल गांधी बन रहे हैं। सांसद जयप्रकाश भी बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा पर कई बार टीका टिप्पणी कर चुके हैं।
1. #RahulGandhi 2. #BrijendraSingh 3. #SadbhavnaYatra 4. #GurugramEvent 5. #HaryanaCongress 6. #PoliticalGathering 7. #CongressLeadership 8. #May8thEvent 9. #UnityInDiversity 10. #PublicEngagement 11. #PoliticalJourney 12. #CongressInHaryana 13. #LeadershipInAction 14. #CommunitySupport 15. #GrassrootsPolitics 16. #EmpoweringVoices 17. #TogetherForChange 18. #HaryanaPolitics 19. #CivicParticipation 20. #StrengthInUnity