बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण हरियाणा में तापमान में गिरावट
अभी मौसम साफ होने की संभावना नहीं, 7-8 अप्रैल को फिर बिगड़ेगा मौसम

सत्य खबर हरियाणा
Haryana Weather Update : प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि के चलते तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार कल दिन में अधिकतम तापमान में पहले दिन के मुकाबले 0.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह सामान्य से 1.8 डिग्री कम बना हुआ था। न्यूनतम तापमान हरियाणा में आमतौर पर 17 से 20 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री कम है।
शनिवार को सिरसा जिले में हल्की बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि हुई। 7 अप्रैल को एक नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के उत्तरी जिलों में बारिश की संभावना बनेगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि प्रदेश में 14 मार्च के बाद से लगातार मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 3 अप्रैल को राज्य के अधिकतर स्थानों पर तेज गति की हवाओं आंधी-अंधड़, हल्की बारिश, बूंदाबांदी हुई। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियों को दर्ज किया गया। शनिवार को प्रदेश में लगातार बादलों की आवाजाही देखने को मिली। सिरसा और फतेहाबाद जिलों में तेज़ गति की हवाओं के साथ हल्की बारिश बूंदाबांदी तथा सिरसा जिले में ओलावृष्टि की गतिविधियों को दर्ज किया गया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि रविवार को प्रदेश के उत्तरी जिलों में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। रविवार को वर्तमान मौसम प्रणाली हरियाणा एनसीआर दिल्ली से आगे निकल जाएगी। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 7 अप्रैल को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों पर बर्फबारी और बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है।
हरियाणा में तापमान
प्रदेश में हुई बारिश के चलते तापमान में काफी तेजी से गिरावट आई है। चार जिलों में रात का तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है।
अंबाला में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम है। हिसार में 17.9 सामान्य से 0.3 कम, महेंद्रगढ़ में सामान्य से 2.3 कम 18.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अधिकतर जिलों का तापमान 17 से 20 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 अप्रैल तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन इसके बाद अचानक बदलाव आएगा। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं होगा, लेकिन बादलों और हवाओं के कारण रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। 4 अप्रैल को हरियाणा में औसत न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। सबसे कम तापमान 16.8 डिग्री सोनीपत में रिकॉर्ड किया गया। हिसार और करनाल में 17.9 डिग्री, जबकि रोहतक में 19.6 डिग्री दर्ज हुआ। कई जिलों में 24 घंटे के दौरान 2 से 3 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली। हालांकि आने वाले दिनों में बादल और नमी बढ़ने से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
प्रदेश में 4 अप्रैल को औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे रहा। सबसे अधिक तापमान 33.3 डिग्री भिवानी में रिकॉर्ड किया गया। अंबाला, हिसार, करनाल और गुरुग्राम समेत अधिकतर जिलों में तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच रहा। मौसम में बदलाव और संभावित बारिश के चलते दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को गर्मी से फिलहाल राहत मिलेगी।
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को हरियाणा के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग और चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 6 अप्रैल की रात से 8 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम तेजी से बदलेगा। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनेगा, जिसका असर हरियाणा में देखने को मिलेगा। प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, वहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक 7 और 8 अप्रैल को कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
#Rain #StrongWinds #Hailstorm #HaryanaWeather #TemperatureDrop #WeatherAlerts #HeavyRain #StormyWeather #ExtremeWeather #RainySeason #ColdFront #WeatherChanges #NatureFury #ClimateImpact #HailDamage #RainyDays #WeatherForecast