राव नरबीर ने बता दिया, कैसे बनेगा अहीरवाल का मुख्यमंत्री
नायब सैनी को अहीरवाल से चुनाव लड़ने का दिया न्यौता, कहा हमारा भी मुख्यमंत्री हो जाएगा

सत्य खबर हरियाणा
Political Controversy : अहीरवाल की राजनीति में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह और केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता किस हद तक है इस बात का उदाहरण इस बात से लिया जा सकता है कि आज अपनी गुरुग्राम रैली के दौरान राव नरबीर सिंह ने सियासी दांव चलते हुए अहीरवाल के ऐसे नेताओं पर तंज कसने का काम किया, जो हरियाणा का मुख्यमंत्री बनने का सपना देखते हैं। उन्होंने बातों ही बातों में हरियाणा के मुख्यमंत्री से गुरुग्राम से चुनाव लड़ने की मांग भी कर दी।
गुरुग्राम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दौरे के दौरान बड़ी रैली आयोजित की गई, जहां भारी संख्या में लोग पहुंचे। इस मौके पर राव नरबीर सिंह ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करते हुए बड़ी भीड़ जुटाई। रैली में विकास कार्यों, आगामी योजनाओं और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की गई।
सेक्टर-91 के कांकरौला गांव में आयोजित रैली में राव नरबीर सिंह ने कहा कि हमारे इलाके अहीरवाल के लोगों की एक इच्छा है और वो पूरी करो, इच्छा ये है कि जब से मैं पैदा हुआ और दस साल का हुआ, तब से लोग ये कह रहे हैं कि अहीरवाल का मुख्यमंत्री होना चाहिए। उन्होंने सांसद राव इंद्रजीत पर बिना नाम लिए तंज कसते हुए कहा कि हमने तो बहुत कोशिश की, कई लोग तो कोशिश करते करते दुनिया छोड़कर चले गए, कुछ जाने को तैयार हैं, लेकिन सीएम नहीं बन सके। अब हरियाणा में डी लिमिटेशन होगा, मुख्यमंत्री जी आप चार चुनाव लड़े हो, चारों अलग अलग जगह से लड़े हो, एक चुनाव गुरुग्राम जिले से लड़ लो। तब हम ये तो कह सकेंगे कि हमारे जिले का मुख्यमंत्री है।
नरबीर सिंह ने बहुत साफ कहा कि हम तो सीएम बन पाए नहीं, ना पार्टी बनाए, कम से कम हम ये तो कह सकेंगे कि बने बनाएं को बना दिया। हमारा इलाका भी सुखी हो जाएगा। इसलिए हमारी ये बात मान लो, कम से कम इस अहीरवाल की ये इच्छा तो पूरी हो जाएगी कि हमारे इलाके का मुख्यमंत्री है।
राव नरबीर ने कहा कि, मनोहर लाल रोहतक में पैदा हुए चुनाव करनाल से लड़ा, करनाल वाले कहने लगे हमारा मुख्यमंत्री। आपका जन्म हुआ यमुनानगर में, आप चुनाव लड़े यमुनानगर से, फिर लड़े कुरुक्षेत्र से, फिर लाडवा से, वो कहने लगे हमारा मुख्यमंत्री। भाई एक बार चुनाव अहीरवाल से लड़ लें, हम भी कह सकें कि हमारा मुख्यमंत्री है।
मुख्यमंत्री ने राव नरबीर को दिया जवाब
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में राव नरबीर को जवाब दिया और कहा कि राव साहब को मैं बताना चाहता हूं कि ये भारतीय जनता पार्टी है, ये जो मुख्यमंत्री बनता है, ये एक क्षेत्र का नहीं, ये पूरे हरियाणा प्रदेश का बनता है। जो समान रूप से हरियाणा प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम करता है।
उन्होंने राव नरबीर के विधानसभा बादशाहपुर में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि हमारी सरकार ने बिना भेदभाव के 11 वर्षों में बादशाहपुर विधानसभा में 15 हजार 166 करोड़ रुपए खर्च किया है। कांग्रेस ने अपने दस साल के शासन में 967 करोड़ रुपए खर्च किए। उन्होंने कहा कि हमने पूरे हरियाणा का रोड मैप तैयार किया है। प्रधानमंत्री के विकासित भारत के सपने को विकसित हरियाणा बनाकर साकार करने का प्रयास कर रहे हैं। आज हरियाणा का इन्फ्रास्ट्रक्चर बहुत मजबूत हुआ है। डबल इंजन सरकार की नीति और नियत दोनों ठीक है।
नौकरियां दी, गरीबों को आवास दे रहे
मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों को प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आरआरटीएस का कार्य तेजी से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि, एक साल के अंदर 33 हजार युवाओं को बिना पर्ची बिना खर्ची के नौकरी देने का कार्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने किया है। हरियाणा में पहली बार सीईटी परीक्षा के लिए घर से लेकर सेंटर तक पहुंचाने का काम सरकार ने किया है।
इस दौरान राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जैनपुरिया, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावत आदि पहुंचे। चौकाने वाली बात ये देखने को मिली कि स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह और पटौदी की विधायक बिमला देवी इस रैली में नहीं पहुंचे।
#RaoNarbir #Ahirwal #ChiefMinister #PoliticsInHaryana #HaryanaPolitics #Leadership #PoliticalFuture #HmmVisitor #ChangeInLeadership #VoterAwareness #InfluentialVoices #RegionalLeaders #Empowerment #HaryanaCM #PoliticalStrategy #UpcomingLeaders #Democracy #SuccessPath #LocalLeadership