एसडीएम ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत ली अधिकारियों की बैठक

एसडीएम रेवाड़ी सिद्धार्थ दहिया ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गांव भाड़ावास में विभिन्न विभागों द्वारा गांव में करवाए जाने वाले विकास कार्यों की योजनाओं बारे गांव में लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग द्वारा उक्त गांव के लिए विलेज डेवलपमेंट प्लान बनाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि उस प्लान के अनुरूप गांव में विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा सके। उन्होंने कहा कि गांव में विभाग द्वारा जो भी अच्छे से अच्छे कार्य कराया जा सकता है उसे इस प्लान में शामिल किया जाए ताकि लोगों को उसका ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके।
एसडीएम ने निर्देश दिए कि संबंधित लाइन डिपार्टमेंट के अधिकारी गांव में विजिट कर गांव की आवश्यकता अनुसार रूपरेखा तैयार करें और उनके विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं एवं जनकल्याणकारी नीतियों का गांव के ग्राम सचिवालय या सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शित कराना सुनिश्चित करें ताकि लोग उन योजनाओं व नीतियों का भरपूर लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास योजना को बेहतर बनान हमारा मुख्य उद्देश्य है। लोगों को केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले ताकि लोगों के आजीविका के अवसर बढ़ सकें।
एसडीएम ने कहा कि केन्द्र की राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के तहत गांवों में स्वयं सहायता समूह बनाकर उन्हें बैंक के माध्यम से ऋण दिलवाकर उन्हें आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इसी प्रकार दीनदयाल उपाध्याय कौशल योजना तथा आरएसईटीआई के तहत स्वयं रोजगार के प्रशिक्षण देकर भी लोगों को स्वावलंबी बनाया जा सकता है।