प्रदेश महिला महासचिव सुचित्रा देवी कांग्रेस से निष्कासित
टिकट के नाम पर वरिष्ठ नेताओं पर 7 करोड़ हड़पने का आरोप लगाया था

सत्य खबर हरियाणा
Congress News : हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव सुचित्रा देवी को प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने पार्टी से निकाल दिया है। सुचित्रा देवी ने कांग्रेस हाईकमान व गांधी परिवार पर बावल विधानसभा क्षेत्र की टिकट के नाम पर 7 करोड़ रुपये ऐंठने का आरोप लगाया था। पर्ल चौधरी ने सुचित्रा देवी को पार्टी से निकालने का आदेश आज जारी कर दिया। हरियाणा महिला कांग्रेस की महासचिव सुचित्रा देवी के पति गौरव कुमार ने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी को विधानसभा चुनाव का टिकट दिलाने के नाम पर कांग्रेस के कुछ नेताओं ने उनसे पैसे लिए थे।
गौरव कुमार ने दावा किया था कि इस मामले से जुड़े चैट उनके पास मौजूद हैं। उनका कहना है कि उन चैट में संबंधित नेताओं ने खुद पैसे लेने की बात स्वीकार की है। हालांकि कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। गौरव कुमार ने कहा था कि वह राहुल गांधी को यह दिखाना चाहते हैं कि पार्टी के भीतर कुछ वरिष्ठ नेता क्या कर रहे हैं? या तो उनके साथ गलत हो रहा है या फिर यह सब शीर्ष नेतृत्व की जानकारी में हो रहा है।
सुचित्रा देवी ने बताया था कि उन्होंने करीब 12 दिन पहले ही पार्टी से अपना इस्तीफा दे दिया था लेकिन अभी तक उसे स्वीकार नहीं किया गया है। वह दलित समुदाय से आती हैं और एक शहीद की बेटी हैं। उनके परिवार का कांग्रेस पार्टी से करीब 56 साल पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार ने पार्टी के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए लेकिन बदले में केवल झूठे वादे ही मिले।