हरियाणा में पारा 42 के पार, प्रदेश के कई जिलों में लू की स्थिति
हरियाणा के 10 जिलों में आज आंधी तूफान और बारिश का येलो अलर्ट

सत्य खबर हरियाणा
Haryana Weather Update : हरियाणा में गर्मी ने तल्ख तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। पूरे हरियाणा में तापमान सामान्य से अधिक पहुंच गया है। नारनौल में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनी हुई है। 17 -18 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आएगा। तापमान में अधिक गिरावट के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल को प्रदेश में मौसम साफ रहा और किसी तरह की बड़ी गतिविधि नहीं हुई। हालांकि आज यानि 17 अप्रैल को हरियाणा के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वीरवार को कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इस वजह से रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। लगातार पश्चिमी शुष्क हवाओं और सूर्य के तल्ख तेवरों ने गर्मी के तेवरों को प्रचंड बना दिया है। प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर दिन का तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
वीरवार को नारनौल 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश के 11 जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जिसके चलते हीट वेव लू की स्थिति बनी हुई है। हीट वेव उस स्थिति को माना जाता है जब दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया जाता है। तापमान 45 डिग्री से अधिक होने को भी हीट वेव यानी लू माना जाता है।
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक आने वाले दिन में दिन -रात के तापमान में और अधिक उछाल देखने को मिलेगा। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी लेकिन उससे राहत नहीं मिल मिलेगी। 17 -18 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बना रहेगा। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। 19 अप्रैल के बाद तापमान में एक बार फिर से उफान देखने को मिलेगा।
प्रदेश में अधिकतम तापमान

हरियाणा में अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान में पहले दिन के मुकाबले 1.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। नारनौल 42 के साथ सबसे गर्म रहा। प्रदेश के पानीपत में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम था। रोहतक में 41.9, फरीदाबाद में 41.6, हिसार में 41.2 और गुरुग्राम 40 पर पहुंच गया। भिवानी, जींद, पानीपत में भी पारा 40 डिग्री के पार दर्ज हुआ। लगातार बढ़ते तापमान से दोपहर में लू जैसे हालात बनने लगे हैं। धूप तीखी होने के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में आंधी और बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट संभव है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में औसतन 0.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ कई जिलों में रातें गर्म होने लगी हैं। नारनौल और चरखी दादरी में रात का तापमान 24 तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक है। वहीं महेंद्रगढ़, हिसार और रोहतक में भी न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। प्रदेश में यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज पर न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम था। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बादल और तेज हवाओं के कारण रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
आज क्या संभावना
मौसम विभाग ने आज पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा के 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, हांसी, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, झज्जर और महेंद्रगढ़ में मौसम बदलेगा। यहां 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।