Women’s World Cup 2025: दो जीत के बाद अचानक हार, क्या टीम इंडिया की बल्लेबाजी बन गई कमजोरी?

Women’s World Cup 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 की शानदार शुरुआत की थी। टीम इंडिया ने अपने शुरुआती दो मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की। हालांकि, तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने भारत को तीन विकेट से हराकर बड़ा झटका दिया। इस हार की सबसे बड़ी वजह रही भारतीय शीर्ष क्रम की निराशाजनक बल्लेबाजी, जो पहले दो मैचों में भी चिंता का विषय बनी रही। अब यही प्रदर्शन आगामी मुकाबलों में टीम के लिए चुनौती बन सकता है।
ऋचा घोष ने दिया बयान – एक मैच से प्रदर्शन का आकलन नहीं किया जा सकता
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए मुकाबले में जब टीम इंडिया ने सिर्फ 153 रन पर सात विकेट गंवा दिए, तब विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष ने एक छोर संभालते हुए बेहतरीन पारी खेली और टीम को 251 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऋचा घोष ने कहा, “हमारे टॉप ऑर्डर की सभी बल्लेबाज शानदार खिलाड़ी हैं। सिर्फ एक मैच के आधार पर किसी का प्रदर्शन नहीं आंका जा सकता। क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है। हमारा काम है हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ देना। हर बार टॉप ऑर्डर को दोष देना सही नहीं है। हमने आखिरी गेंद तक संघर्ष किया और जितना संभव था उतने रन बनाने की कोशिश की।”

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में क्या रहा टर्निंग पॉइंट
ऋचा घोष ने अपने बयान में मैच के टर्निंग पॉइंट का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि, “हम पूरी तरह मैच पर नियंत्रण में थे, लेकिन नादीन डी क्लर्क ने क्रांति के ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाकर मैच का रुख बदल दिया। उसी ओवर से मैच हमारे हाथ से निकल गया।” ऋचा ने कहा कि इस हार के बावजूद टीम का मनोबल कमजोर नहीं हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि टीम इस गलती से सीख लेगी और आगे के मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच पर नजरें टिकीं
ऋचा घोष ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार का असर टीम के आगामी मैचों पर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, “हम इस हार की समीक्षा करेंगे और इससे सबक लेकर अगले मैच में और मजबूत होकर उतरेंगे। हमारी नज़र अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले पर है।” भारतीय टीम प्रबंधन भी शीर्ष क्रम की कमजोरियों को दूर करने के लिए रणनीति तैयार कर रहा है। टीम इंडिया के पास अब भी टूर्नामेंट में वापसी करने और सेमीफाइनल में पहुंचने का पूरा मौका है। खिलाड़ियों का कहना है कि वे हर मैच को नए सिरे से खेलेंगी और देश को जीत दिलाने की पूरी कोशिश करेंगी।