CM Pinarayi Vijayan के आवास और बैंक में बॉम्ब धमकी, पुलिस पहुँची तो सामने आया बड़ा ट्विस्ट

CM Pinarayi Vijayan: देशभर में पिछले कुछ समय से कई प्रमुख स्थानों पर बम धमकियों की घटनाएँ बढ़ रही हैं, जिनमें से अधिकतर जांच के बाद फर्जी साबित हो रही हैं। इसी क्रम में नया मामला केरल से सामने आया है, जहाँ सोमवार को CM Pinarayi Vijayan के आधिकारिक आवास और पलायम स्थित एक निजी बैंक को बम उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत अलर्ट जारी करके तलाशी अभियान चलाया। हालांकि जाँच में इन स्थानों से कोई भी संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।
सीएम के निजी सचिव को मिला धमकी भरा ईमेल
पुलिस के अनुसार, बम धमकी का ईमेल मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के निजी सचिव के आधिकारिक मेल पर भेजा गया था। ईमेल प्राप्त होते ही सुरक्षा एजेंसियाँ सक्रिय हो गईं और सीएम के आवास ‘क्लिफ हाउस’ की तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दौरान डॉग स्क्वायड और बम डिटेक्शन टीम को भी लगाया गया। पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कहीं भी किसी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला। इसके साथ ही, पलायम स्थित जिस निजी बैंक को धमकी मिली थी, वहाँ भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया, परंतु वहां भी पुलिस को कुछ नहीं मिला।

पुलिस का बयान: पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियाँ
केरल पुलिस ने बताया कि मुख्यमंत्री के आवास पर इससे पहले भी कई बार फर्जी बम धमकियाँ मिल चुकी हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस बार भेजे गए सभी ईमेल तमिलनाडु की राजनीतिक घटनाओं और वहाँ दर्ज मामलों का उल्लेख करते हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ईमेल डार्क वेब के माध्यम से भेजे गए हैं, जिसके कारण इसे भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाना बेहद मुश्किल हो रहा है। बावजूद इसके, हर बार एहतियातन तलाशी अभियान चलाना जरूरी होता है ताकि किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सके।
मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियाँ ईमेल की स्रोत पहचानने और इससे जुड़े किसी भी संगठित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई हैं। पुलिस ने बताया कि लगातार मिल रही ऐसी फर्जी धमकियाँ सरकारी संसाधनों को अनावश्यक रूप से व्यस्त कर देती हैं और भय का वातावरण भी पैदा करती हैं। इसीलिए अपराधी को पकड़ना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाएँ दोबारा न हों। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।