वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से सिर्फ 14 घंटे में पहुंचेगा कोलकाता से गुवाहाटी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 17 जनवरी 2026 को पश्चिम बंगाल के मालदा से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह विशेष ट्रेन हावड़ा (कोलकाता) से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलेगी। इस ट्रेन के आने से पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के बीच रेल यात्रा न केवल तेज होगी बल्कि आरामदायक और आधुनिक भी बन जाएगी। ट्रेन की अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रति घंटे है और यह 958 किलोमीटर की दूरी मात्र 14 घंटे में तय करेगी। इस पहल से रेल यात्रा में नई क्रांति आएगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी मालदा में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में ₹3,250 करोड़ से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। इन परियोजनाओं में बालूरघाट-हिली नई रेल लाइन, न्यू जलपाईगुड़ी में अगली पीढ़ी की फ्रेट सुविधाएं, सिलिगुड़ी लोको शेड का उन्नयन, जलपाईगुड़ी में वंदे भारत के रखरखाव सुविधाओं का आधुनिकीकरण और न्यू कूच बिहार-बामनहाट तथा न्यू कूच बिहार-बॉक्सिरहाट रेल लाइनों का विद्युतीकरण शामिल है। इसके साथ ही पीएम मोदी चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाएंगे, जो देश के विभिन्न हिस्सों को बेहतर रेल सेवा से जोड़ेगी।

गुवाहाटी में होंगे भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और परियोजना उद्घाटन
17 जनवरी की शाम लगभग 6 बजे प्रधानमंत्री मोदी गुवाहाटी के सरुसजई स्टेडियम में बोडो समुदाय के पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम “बगुरुम्बा द्वौ 2026” में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम बोडो समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव होगा, जिसमें 23 जिलों के 81 विधानसभा क्षेत्रों के 10,000 से अधिक कलाकार भाग लेंगे। बगुरुम्बा नृत्य प्रकृति से प्रेरित लोक नृत्यों में से एक है, जो मानव जीवन और प्रकृति के बीच सामंजस्य को दर्शाता है। अगले दिन 18 जनवरी को प्रधानमंत्री काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का शिलान्यास करेंगे, जिसकी लागत ₹6,950 करोड़ से अधिक है।
पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के बीच रेल संपर्क और यात्री सुविधा में सुधार
प्रधानमंत्री मोदी 18 जनवरी को नगाॅन के कालिआबर में दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। ये ट्रेनें गुवाहाटी-रोहतक और डिब्रूगढ़-लखनऊ के बीच चलेंगी, जिससे पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के बीच रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इन नई सेवाओं से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के शुभारंभ से भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की नई दिशा स्थापित होगी और यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।