Year Ender: इस साल टीचर, प्लेयर और अभिनेत्री की हत्याओं की खूब रही चर्चा

Year Ender: यूं तो हर साल हत्याओं का दौर चलता रहता है लेकिन कुछ हत्याएं ऐसी होती हैं, जो काफी चर्चित हो जाती हैं। प्रदेश में इस साल भिवानी की टीचर मनीषा की हत्या, रोहतक में कांग्रेस नेत्री हिमानी की हत्या, पानीपत में साइको किलर पूनम द्वारा की गई हत्याएं, गुरुग्राम में खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या, रोहतक में पावरलिफ्टिंग चैंपियन रोहित धनखड़ की हत्या काफी चर्चा में रही है।
स्कूल टीचर मनीषा मर्डर केस
हरियाणा के भिवानी में 19 वर्षीय स्कूल शिक्षिका मनीषा मर्डर केस साल 2025 का सबसे सनसनीखेज और विवादित मामला रहा, जिसने पूरे राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। 11 अगस्त 2025 को मनीषा सिंघानी गांव के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने के बाद नर्सिंग कॉलेज में एडमिशन की जानकारी लेने गई थी। इसके बाद वह लापता हो गई। 13 अगस्त को खेत में उसका शव मिला। गला रेता हुआ था, चेहरे पर जलने के निशान और शरीर पर चोटें थीं। इस मामले में सरकार ने पांच पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड भी किया और एसपी का तबादला भी किया लेकिन आंदोलन जब शांत नहीं हुआ तो सरकार ने इस मामले की जांच CBI को सौंप दी। CBI मामले की जांच कर रही है। हालांकि सीबीआई यह तो मानती है कि मनीषा ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या हुई है लेकिन वह अभी तक इस मामले में किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल का मर्डर केस
साल 2025 में हिमानी नरवाल हत्याकांड सबसे चर्चित मामलों में शामिल रहा। 1 मार्च 2025 को रोहतक के सांपला बस स्टैंड के पास रोहतक-दिल्ली हाईवे के किनारे 22 वर्षीय हिमानी का शव मिला। उन्हें गला घोंटकर मार दिया गया। हिमानी कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थीं और रोहतक ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष के रूप में काम कर रही थीं। वे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुई थीं और राज्य के कई राजनीतिक कार्यक्रमों में दिखाई दी थीं। हिमानी नरवाल की हत्या के बाद इस मामले में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से परिवार के लोग संतुष्ट नहीं है परिवार का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में सही आरोपियों को बचाने का काम किया है इस मामले में पुलिस ने आरोप पत्र दायर कर दिया है लेकिन इसके बावजूद परिवार के लोग पुलिस की कार्रवाई और उसकी जांच पर उंगली उठाने का काम कर रहे हैं।

हरियाणवी मॉडल की हत्या
हरियाणा की मशहूर मॉडल शीतल चौधरी (23) की हत्या भी इस साल काफी चर्चा का विषय बनी रही। हरियाणा की मॉडल की डेडबॉडी को पुलिस ने सोनीपत की नहर से बरामद किया है। शीतल चौधरी की गुमशुदगी के बाद डेडबॉडी मिली है। सोनीपत एसीपी मुख्यालय अजीत सिंह के अनुसार नहर में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव की पहचान करने की प्रक्रिया में पता चला कि पानीपत में शीतल नामक महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। शीतल पानीपत जिले के खलीला माजर गांव की रहने वाली थीं। शीतल चौधरी के इंस्टाग्राम पर 1.6 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
शीतल चौधरी सिम्मी चौधरी के तौर पर भी जानी जाती थीं। शीतल चौधरी दो दिन पहले 14 जून को पानीपत के अपने घर से एल्बम की शूटिंग के लिए घर से निकली थीं। इसके बाद वह घर नहीं लौटी और संपर्क नहीं हो पाया तो बहन ने पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शीतल ने अपनी बहन नेहा को अंतिम कॉल में बताया था कि बॉयफ्रेंड सुनील ने उसके साथ मारपीट की है। शीतल ने बताया था कि वह जबरन साथ ले जाने की कोशिश कर रहा है। मृतका की बहन ने हत्या का शक व्यक्त किया है।
राष्ट्रीय खिलाड़ी रोहित धनखड़ का मर्डर
राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियन रोहित धनखड़ के मर्डर ने पूरे खेल जगत और जनता को स्तब्ध कर दिया। यह मामला हरियाणा के रोहतक का है। जहां पर रोहित अपने दोस्त के साथ एक रिश्तेदार की शादी में शगुन डालने गए थे। शादी में आए कुछ युवक महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। रोहित ने इसका विरोध किया और इसी बात पर कहासुनी हुई। शादी के बाद रात लगभग 11 बजे, रोहित कार से घर लौट रहे थे। रेलवे क्रॉसिंग के पास 15-20 युवकों ने उन्हें हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। रोहित ने कई राष्ट्रीय पदक जीते थे और वे बॉडीबिल्डर तथा पैरा एथलीट थे।
टेनिस खिलाड़ी मर्डर केस
साल 2025 उन घटनाओं के लिए जाना जाएगा, जब बात आएगी अपनों ने ही अपनों का मार डाला। मामला हरियाणा के शहर गुरुग्राम शहर का है। जहां पर भारत की एक उभरती टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ये कारनामा किसी और ने नहीं बल्कि उसी के पिता ने ही किया है। राधिका यादव हरियाणा के शहर गुरुग्राम की रहने वाली थीं। उसने गांव वजीराबाद में बच्चों को सिखाने के लिए अकादमी शुरू कर दी थी। जिसका राधिका के पिता विरोध कर रहे थे। इसको लेकर राधिका ने अपने पिता को कई बार समझाया भी था, लेकिन राधिका के पिता का कहना था कि जब भी वह गांव में निकलता है तो लोग उसे अपनी लड़की की कमाई खाने वाला बोलते हैं। जिससे वह काफी ज्यादा आहत होते हैं। इसी बात को लेकर राधिका और उसके पिता का झगड़ा हो रहा था। जब राधिका रसोई में खाना बना रही थी तब उसके पिता ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बेटी के पीठ पर 3 गोलियां दाग दी।
साइको किलर पूनम ने की बच्चियों की हत्या
हरियाणा के पानीपत और सोनीपत में इस साल 2025 उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पूनम नाम की महिला ने अपने ही परिवार की मासूम बेटियों की हत्या कर दी। 3 वर्ष के अपने बेटे को भी उसने मार डाला। पूनम ने अपनी ननद की 9 साल की बेटी इशिका को पानी की टंकी में डुबोकर मार डाला था। किसी को शक न हो, इसलिए उसने अपने बेटे को भी हत्या कर दिया। इस वर्ष अगस्त में उसने चचेरे भाई की 6 साल की बेटी जिया की हत्या की और 2025 में 6 वर्ष की भतीजी विधि को बाथटब में डुबोकर मार डाला। सुंदर दिखने वाली बच्चियों से उसे जलन होती थी, जिससे ये हत्याएं हुईं।