Ratan Tata dies: प्रसिद्ध उद्योगपति और टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा का निधन, देशभर में शोक की लहर
Ratan Tata dies: देश के सबसे बड़े व्यापारिक समूह टाटा सन्स के मानद अध्यक्ष और पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा का गुरुवार को 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और उन्हें सोमवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया था।
रतन टाटा के निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर फैल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महिंद्रा समूह के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा, अदानी समूह के अध्यक्ष गौतम अदानी और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई प्रमुख हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- टाटा ने लोगों का दिल जीता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए रतन टाटा को एक दूरदर्शी व्यवसायी नेता, दयालु आत्मा और असाधारण मानव बताया। उन्होंने कहा, “श्री रतन टाटा जी ने भारत के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित व्यवसायिक घरानों में से एक को स्थिर नेतृत्व प्रदान किया। उनके योगदान बोर्डरूम से कहीं अधिक थे। उनकी विनम्रता, दयालुता और समाज को बेहतर बनाने के उनके अडिग संकल्प ने उन्हें लाखों लोगों का प्रशंसक बनाया।”
प्रधानमंत्री ने अपनी और रतन टाटा की एक तस्वीर भी साझा करते हुए लिखा, “मेरे मन में रतन टाटा जी के साथ अनगिनत बातचीत की यादें हैं। गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए मैं अक्सर उनसे मिलता था। हमने विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। उनका दृष्टिकोण बहुत ही समृद्ध था। जब मैं दिल्ली आया तो ये वार्तालाप जारी रहे। उनका निधन बहुत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया शोक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “रतन टाटा के निधन से दुखी हूं। वह भारतीय उद्योग जगत के दिग्गज थे, जो हमारे देश की अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग में महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाने जाते थे। मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
आनंद महिंद्रा ने कहा- लेजेंड्स कभी नहीं मरते
महिंद्रा समूह के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा ने ट्वीट किया, “मैं रतन टाटा की अनुपस्थिति को स्वीकार नहीं कर पा रहा हूं। भारत की अर्थव्यवस्था एक ऐतिहासिक छलांग के कगार पर है और रतन जी के जीवन और कार्यों ने हमें इस मुकाम तक पहुंचने में बेहद मदद की। इस समय उनके मार्गदर्शन की आवश्यकता होती। उनके जाने के बाद हम केवल उनकी मिसाल का अनुसरण कर सकते हैं। वह ऐसे व्यवसायी थे जिनके लिए आर्थिक संपत्ति और सफलता तब तक महत्वपूर्ण थी जब तक वह वैश्विक समुदाय की सेवा में थी। अलविदा और भगवान आपका आशीर्वाद दें। आप कभी भुलाए नहीं जाएंगे। क्योंकि लेजेंड्स कभी नहीं मरते… ओम शांति।”
गौतम अदानी ने जताया शोक
अदानी समूह के अध्यक्ष गौतम अदानी ने ट्वीट करते हुए कहा, “भारत ने एक महान व्यक्ति खो दिया है, एक दूरदर्शी जिसने आधुनिक भारत के पथ को पुनर्परिभाषित किया। रतन टाटा सिर्फ एक व्यवसायी नेता नहीं थे, वह भारत की आत्मा थे जिनमें ईमानदारी, करुणा और सामूहिक भलाई के प्रति अडिग समर्पण था। ऐसे महान व्यक्तित्व को कभी भुलाया नहीं जा सकता। ओम शांति।”
तेजस्वी यादव ने रतन टाटा को बताया दूरदर्शी नेता
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रतन टाटा के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें एक महान उद्योगपति, मानवीय मूल्यों और दान में गहरी आस्था रखने वाले दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा, “रतन टाटा एक ऐसे उद्योगपति थे जिन्होंने हमेशा दूसरों के लिए जिया। उन्होंने एक अनुकरणीय जीवन जिया। भगवान उन्हें अपने चरणों में स्थान दें।”
नितिन गडकरी बोले- दूरदर्शी और दयालु मार्गदर्शक को खो दिया
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर कहा, “देश के गौरव रतन टाटा जी के निधन की खबर से मैं स्तब्ध हूं। तीन दशकों से अधिक समय तक उनके साथ मेरा व्यक्तिगत और पारिवारिक संबंध था। मैंने उनके विनम्रता, सादगी और सभी के प्रति सच्चे सम्मान को करीब से देखा है, चाहे वह किसी भी स्थिति में हों। उनका जीवन ईमानदारी और करुणा के मूल्यों को समर्पित था, जो कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने।”
गडकरी ने आगे कहा, “एक प्रमुख उद्योगपति के रूप में उनकी योगदान ने देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में बड़ा बदलाव लाया। व्यापारिक दृष्टिकोण से परे, वह एक समर्पित देशभक्त और सामाजिक रूप से जागरूक नेता थे जिन्होंने समाज पर गहरा प्रभाव डाला। उनके निधन से हमारे देश ने एक दूरदर्शी और दयालु मार्गदर्शक को खो दिया है। ओम शांति।”
राहुल गांधी ने जताई संवेदना
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा, “रतन टाटा एक दूरदर्शी थे। उन्होंने व्यवसाय और परोपकार दोनों में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और टाटा समुदाय के साथ हैं।”
ममता बनर्जी ने दी श्रद्धांजलि
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट करते हुए कहा, “मैं टाटा सन्स के मानद अध्यक्ष रतन टाटा के निधन से दुखी हूं। टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष भारतीय उद्योग जगत के अग्रणी नेता और जनहितैषी परोपकारी थे। उनके निधन से भारतीय व्यापारिक जगत पर गहरा प्रभाव पड़ा है।”