नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi ने शुक्रवार को ओबीसी वर्ग को लेकर बड़ा बयान दिया था। राहुल गांधी ने कहा था कि कांग्रेस को जिस तरह से इस वर्ग के हितों की रक्षा करनी थी, वह कार्य उस प्रकार से नहीं हुआ। राहुल के इस बयान पर भाजपा समेत अन्य दलों ने निशाना साधा है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, राहुल जी को बहुत देर से समझ आती है। पहले उन्होंने इमरजेंसी के लिए माफी मांगी। फिर उन्होंने सिख दंगों के लिए माफी मांगी। फिर उन्होंने ओबीसी से माफी मांगी। कांग्रेस ने ओबीसी के लिए क्या किया? कांग्रेस ने ओबीसी को हर संभव कुचलने का काम किया। उन्होंने राफेल मामले में भी माफी मांगी और अब राहुल गांधी जो कर रहे हैं, उसके लिए वह दस साल बाद फिर माफी मांगेंगे। वह कभी सही काम नहीं करते और दस साल बाद माफी मांगते हैं।

बीआरएस नेता के कविता ने भी Rahul Gandhi पर हमला बोला है। के कविता ने कहा कि कल राहुल गांधी ने देश से माफी मांगी और दावा किया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तो वे जाति जनगणना नहीं करा सके। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के पिछले 75 वर्षों में ज्यादातर समय कांग्रेस पार्टी सत्ता में रही। ओबीसी के लिए छूटे अवसरों के बारे में आप क्या कहेंगे? उन छात्रों से क्या कहेंगे जो अपनी पसंद के कॉलेजों में नहीं जा सके? सिर्फ एक साधारण माफी से कुछ नहीं होगा।
कविता ने राहुल पर निशाना साधते हुए आगे कहा, मैं राहुल गांधी को चुनौती देती हूं….अगर आपकी ओबीसी समुदाय से मांगी गई माफी सच्ची है, अगर आप ओबीसी सशक्तिकरण को लेकर वास्तव में ईमानदार हैं… तो तेलंगाना में कराई गई ओबीसी जाति जनगणना के आंकड़े सामने हैं, सभी विवरण उपलब्ध हैं। अगर इनमें कोई त्रुटि है, तो लोगों को सुधारने का अवसर दीजिए। तेलंगाना के लोग बहुत अडिग और मजबूत हैं। हम बिहार सहित पूरे देश में आपके खिलाफ प्रचार करेंगे और आपके झूठ को उजागर करेंगे।
