सफीदों के रामपुरा रोड़ पर एक निजी अस्पताल संचालक की देर रात अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से वार करके हत्या कर दी। इस हमले में एक अन्य अस्पताल संचालक व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान गांव मुआना निवासी विकास शर्मा (31) निवासी मुआना के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान अनिल शर्मा निवासी गांव गोली (करनाल) व यशपाल उर्फ हैप्पी निवासी गांव सिंघाना के रूप में हुई है। घटना रात करीब सवा 10 बजे की है। जैसे ही यह घटना घटी सफीदों में हडकंप मच गया। मामले की सूचना सफीदों पुलिस को दी गई। सूचना पाते ही आनन फानन में डीएसपी गौरव शर्मा व सिटी थाना प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने रात में ही कई CCTV फुटेज को खंगाला। मामले की जांच के लिए मौके पर एफएसएल टीम पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किए। वहीं सुबह सफीदों विधायक रामकुमार गौतम नागरिक अस्पताल पहुंचे और परिवार से बात की। विधायक ने पुलिस को तत्काल हत्म्यारोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए। पुलिस ने फिलहाल मृतक के पिता एवं पूर्व में भाजपा के मंडलाध्यक्ष रहे शिवकुमार शर्मा के ब्यान पर दो नामजद सहित 8 के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के उपरांत शव का मेडीकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक विकास शर्मा सफीदों के खानसर चौंक पर पिछले 5-6 साल से अनुज मल्टी स्पेशिलिटी प्राइवेट अस्पताल चलाता था। सायं को वह लीलावती अस्पताल संचालक अनिल शर्मा व एक अन्य यशपाल उर्फ हैप्पी वि किसी काम से असंध की तरफ गया था। जब वे वापिस लौट रहे थे तो नगर के रामपुरा रोड़ पर फोरच्यूनर गाड़ी में सवार बदमाशों ने उनकी कार को घेरकर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में कार में बैठे तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को सफीदों के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से उनकी गंभीरावस्था को देखते हुए उन्हे प्राथमिक उपचार देकर पानीपत रेफर कर दिया गया। रास्ते में विकास शर्मा ने दम तोड़ दिया। जबकि दो अन्य घायलों को पानीपत में एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है।
पिता ने लगाए साथियों पर साजिश के आरोप
अपने बेटे की हत्या को लेकर भाजपा नेता एवं पिता शिवकुमार शर्मा का कहना है कि मरीजों को लेकर हुए झगड़े में अनिल शर्मा व यशपाल उर्फ हैप्पी ने उनके बेटे को बहाने से बुलाया गया। फिर उसे गाड़ियों में लेकर घूमते रहे और रात में बदमाश बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई। कत्ल के वक्त आरोपी मरने वाले युवक के साथ ही थे। इसमें अनिल और हैप्पी को भी हल्की चोटें लगी, लेकिन विकास को को ज्यादा चोटें आई। दिल पर धारदार हथियार लगने से उसकी मौत हो गई। पिता ने कहा कि उन्हें शक है कि लीलावती अस्पताल के संचालक अनिल शर्मा और यशपाल उर्फ हैप्पी ने ही उसके बेटे विकास पर सुनियोजित तरीके से हमला करवाया है। अनिल शर्मा पहले भी उसे धमकियां दे चुका है। पिता ने कहा कि उसके बेटे विकास ने पहले भी बताया था कि अनिल उसके अस्पताल को बंद करवाना चाहता है।

गुस्साए पिता ने सरकार पर उठाए सवाल
बेटे विकास के कत्ल से पूर्व भाजपा मंडलाध्यक्ष पिता शिवकुमार शर्मा काफी गुस्से में नजर आए। शिवकुमार शर्मा ने कहा कि वे भाजपा में मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा भी पार्टी में कई पदों पर काम किया है। उन्होंने बेटे की मौत के बाद अपनी ही सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भाजपा नेता के बेटे को चाकुओं से गोदकर सरेआम मार दिया जा रहा है, तो आम जनता अपने आप को कैसे सुरक्षित महसूस करेगी। यह घटना कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर उन्होंने रात में ही सफीदों के विधायक रामकुमार गौत्तम को फोन किया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। उसके बाद उनके पीए ने फोन उठाया तो उन्होंने जवाब दिया कि उनकी सुबह बात करवाऊंगा। शिवकुमार शर्मा ने कहा कि वे चुनाव में विधायक रामकुमार गौतम के साथ दिन रात घूमे और उन्हे जीजान एक करके जिताया लेकिन अब उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। भाजपा सरकार क्राइम रोकने में पूरी तरह से नाकाम है।
अस्पताल संचालक विकास शर्मा की डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
मृतक अस्पताल संचालक की करीब डेढ़ वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी। शादी के बाद उसे बेटी हुई जोकि आज करीब 5 महीने की है। इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार का हर सदस्य स्तब्ध है। सबसे अधिक गमों का पहाड़ उसकी पत्नी पर टूटा है। इस घटना को लेकर पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। हर कोई इस घटना की भर्त्सना कर रहा है।
परिवार ने दिया अल्टीमेटम
इस मामले में परिवार के लोग काफी आक्रोशित है और इस मामले में कहीं ना कहीं साजिश की आशंका जताई है। वहीं परिवार ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की है। ऐसा न होने पर रोड जाम करने की भी चेतावनी दी है।
विधायक रामकुमार गौतम ने दिए हत्यारोपियों को पकड़ने के निर्देश
इस घटना के बाद सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम नागरिक अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद और निंदनीय घटना है। पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि सीसीटीवी फुटेज और खुफिया तंत्र के आधार पर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। विधायक ने जनता से भी अपील की कि ऐसी घटनाओं में डरकर पीछे न हटें, बल्कि सामने आकर अपराधियों का विरोध करें और पुलिस का सहयोग करें। रंजिश के सवाल पर उन्होंने कहा, अभी इस मामले में कुछ स्पष्ट नहीं है। आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही सारी स्थिति साफ हो पाएगी।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
इस मामले में पुलिस घटनास्थल के अलावा अन्य बहुत से स्थानों की सीसीटीवी फूटेज खंगालने में जुटी हुई है। पुलिस कई सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। सीसीटीवी फूटेज में हमलावरों व अस्पताल संचालक की गाड़ियां दिखाई दी है। कई सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि कभी डॉक्टरों की गाड़ी दूसरी फॉर्च्यूनर गाड़ी के पीछे नजर आई। तो कभी डॉक्टर की गाड़ी आगे नजर आई। जिनकी दोनों गाड़ियों की स्पीड भी काफी तेज है। रामपुरा रोड पर दोनों गाड़ियों में मामूली रूप से टक्कर हुई। इसके बाद कहासुनी में धारदार हथियार चले और इस वारदात में मुआना निवासी विकास शर्मा (31) के दिल व गर्दन पर धारदार हथियार से वार होने से उसकी मौत हो गई। जबकि दूसरे अस्पताल संचालक अनिल के कान व पेट में धारदार हथियार वार किए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फॉर्च्यूनर गाड़ी में एक महिला के सवार होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर गाड़ी में जो आरोपी सवार था। उसके द्वारा गाड़ी की चाबी के छल्ले में लगे चाकू के वार किए गए हैं। फिलहाल पुलिस की 5 टीम में मामले को ट्रेस करने में जुटी हुई है। इस ब्लाइंड मर्डर मामले में अभी तक पुलिस को फॉर्च्यूनर गाड़ी का नंबर भी नहीं मिला है। पुलिस द्वारा सभी फॉर्च्यूनर गाड़ियों की लोकेशन ली जा रही है।
क्या कहते हैं डीएसपी गौरव शर्मा
इस मामले में डीएसपी गौरव शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए CCTV फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल सीसीटीवी फूटेज देखने से मामला रोड रेज का लग रहा है। उनकी टीम के साथ-साथ सफीदों व जींद सीआईए भ्भी आरोपियों को पकड़ने के लिए जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों व गाड़ी को बरामद कर लिया जाएगा। बहरहाल मृतक के पिता के ब्यान पर मृतक विकास शर्मा के साथ घायल हुए लीलावती अस्पताल संचालक अनिल शर्मा व सिंघाना निवासी यशपाल उर्फ हैप्पी को नामजद करते हुए 6 अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।