Haryana News: हरियाणा के अंबाला जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गांव टोबा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक सात साल के मासूम पर 10 आवारा कुत्तों ने एक साथ हमला कर दिया। बच्चा गली में अपने दोस्त के साथ खेल रहा था तभी अचानक कुत्तों ने उसे घेर लिया। कुत्तों ने उसके सिर का हिस्सा तक फाड़ दिया जिससे वह लहूलुहान हो गया।
बच्चे की चीखें सुनकर दौड़े लोग
जैसे ही अवीराज की दर्दभरी चीखें सुनाई दीं वैसे ही आस-पास के लोग लाठियां लेकर दौड़े और किसी तरह कुत्तों को वहां से भगाया। बच्चा बुरी तरह घायल हो चुका था। लोगों ने तुरंत उसे अंबाला छावनी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन हालात गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

अकेली मां की दास्तान
मासूम की मां ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं और उसके पति की पहले ही मौत हो चुकी है। अवीराज पड़ोसी के बच्चे के साथ खेल रहा था जब यह घटना घटी। पड़ोसी का बच्चा कुत्तों को आता देख भाग गया और अवीराज अकेला रह गया। कुत्तों ने उसके हाथ पैर पीठ और कमर पर भी गंभीर चोटें पहुंचाई हैं।
सर्जरी ही अब आखिरी उम्मीद
डॉक्टरों ने कहा है कि अवीराज के सिर की सर्जरी जरूरी है क्योंकि चमड़ी बुरी तरह से फट चुकी है। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी प्लास्टिक सर्जरी करनी होगी ताकि घाव भर सकें। परिवार पर पहले से ही आर्थिक संकट है और अब इलाज का खर्च उनकी चिंता का बड़ा कारण बन गया है।
प्रशासन पर उठते सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद लोग प्रशासन से सवाल कर रहे हैं कि आखिर कब तक ये आवारा कुत्ते यूं ही लोगों की जान के दुश्मन बने रहेंगे। गांव वालों का कहना है कि पहले भी कई बार कुत्तों की शिकायत की गई थी लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब जब मासूम की जान पर बन आई है तो सभी लोग डरे हुए हैं और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।


