भारतीय पुरुष Hockey Asia Cup 2025 का खिताब अपने नाम कर देशवासियों को गर्व महसूस कराया है। रविवार को बिहार के राजगीर में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया। आठ साल के अंतराल के बाद यह खिताब भारत के नाम हुआ है। इस ऐतिहासिक जीत पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बेहद प्रसन्न हैं। पीएम मोदी ने इस जीत को भारतीय हॉकी और खेल जगत के लिए बहुत ही खास बताया।
पीएम मोदी ने दी बधाई
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “राजगीर, बिहार में आयोजित एशिया कप 2025 में शानदार जीत के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। यह जीत और भी खास है क्योंकि उन्होंने defending champions दक्षिण कोरिया को हराया। यह भारतीय हॉकी और खेलों के लिए गर्व का पल है। हमारे खिलाड़ी आगे भी नई ऊंचाइयों को छुएं और देश का गौरव बढ़ाएं।” पीएम मोदी ने बिहार सरकार और जनता की भी प्रशंसा की जिन्होंने इस टूर्नामेंट को सफलतापूर्वक आयोजित किया।

बिहार सरकार और जनता को भी बधाई
प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं बिहार सरकार और जनता की सराहना करता हूँ। उनके प्रयासों से राजगीर ने शानदार टूर्नामेंट की मेज़बानी की और यह एक जीवंत खेल केंद्र बन गया।” इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से न केवल खिलाड़ियों को बेहतर अनुभव मिलता है बल्कि स्थानीय युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा भी मिलता है। यह आयोजन बिहार को खेलों के नक्शे पर नई पहचान दिलाने में मददगार साबित हुआ।
टूर्नामेंट में शामिल टीमें
पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 का आयोजन इस साल बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के स्टेट स्पोर्ट्स अकादमी परिसर में हुआ। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर तक चला। इस प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, चाइनीज़ ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की शीर्ष हॉकी टीमें भागीं। भारत की टीम ने न केवल शानदार खेल दिखाया बल्कि दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत टीम को मात देकर फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया।
सीएम नीतीश कुमार ने दी शुभकामनाएं
भारतीय टीम की जीत पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “एशिया कप 2025 में कोरिया के खिलाफ शानदार जीत के लिए टीम इंडिया को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। भारतीय हॉकी टीम ने पूरे देश का गौरव बढ़ाया। बिहार सरकार ने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने में हर संभव प्रयास किया ताकि वे बिना किसी असुविधा के पूरी लगन से प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकें।” उन्होंने यह भी कहा कि इस आयोजन ने बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया है और युवाओं में खेल के प्रति उत्साह जगाया है।
