Tag: jagadhri

  • हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष में सरकार को घेरने का एजेंडा किया तैयार! विधायकों द्वारा पूछे जाने वाले सवालों की सूची आई बाहर

    हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष में सरकार को घेरने का एजेंडा किया तैयार! विधायकों द्वारा पूछे जाने वाले सवालों की सूची आई बाहर

    हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 22 अगस्त से शुरू हो रहा है और इसकी शुरुआत से पहले ही विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। विपक्ष ने साफ संकेत दिए हैं कि पुलिस भर्ती में देरी, विधायकों और जनप्रतिनिधियों को धमकियां, बारिश से जलभराव और जर्जर सड़कों जैसे मुद्दे सदन में गूंजेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की डेडलाइन और वादे विपक्ष के सीधे निशाने पर रहेंगे।

    वहीं दूसरी ओर, सरकार ने विपक्ष के संभावित हमलों से निपटने की पूरी प्लानिंग की हुई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सरकार के मंत्री, विपक्ष के हर सवाल और आरोप का जवाब देते नजर आएंगे। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में भाजपा विधायक दल की बैठक भी होगी। इस बैठक में मानसून सत्र की पूरी रणनीति तय की जाएगी। भिवानी की शिक्षिका की संदिग्ध हत्या/मौत का मुद्दा भी सदन में गूंजेगा। इस मामले में सरकार ने पहले ही सीबीआई जांच के आदेश देकर विपक्ष के हमले को कमजोर करने की रणनीति तैयार कर ली है।

    हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष में सरकार को घेरने का एजेंडा किया तैयार! विधायकों द्वारा पूछे जाने वाले सवालों की सूची आई बाहर

    बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने सवाल किया है कि अगस्त 2024 में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा निकाली गई 5600 पुलिस पदों की भर्ती अब तक शुरू क्यों नहीं हुई? विपक्ष का आरोप है कि सरकार ने युवाओं को रोजगार का भरोसा दिलाया, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। यहां बता दें कि इस भर्ती को सरकार ने वापस ले लिया था। अभी तक नये सिरे से प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है।

    डबवाली से इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने विधानसभा में मुद्दा उठाएंगे कि फोन कॉल द्वारा धमकी और वसूली के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि जब खुद जनप्रतिनिधि असुरक्षित महसूस कर रहे हैं तो आम आदमी की सुरक्षा की कल्पना करना मुश्किल है। यहां बता दें कि इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला को लगातार दूसरी बार फोन पर धमकी मिल चुकी है। इससे पहले इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी का बहादुरगढ़ में मर्डर भी हो चुका है।

    कई विधायक इस बार जलभराव का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाने की तैयारी में हैं। बल्लभगढ़ के सेक्टर-22 और 23 में हर बारिश पर एक फुट तक पानी भर जाने की शिकायत विधानसभा में गूंजेगी। जगाधरी के विधायक ने सीवरेज ढांचे के अपग्रेड न होने पर सवाल खड़े करते दिखेंगे।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट सत्र में विधानसभा में ऐलान किया था कि 15 जुलाई, 2025 तक प्रदेश की सभी टूटी सड़कों की कॉरपेटिंग और मरम्मत के काम पूरे कर लिए जाएंगे। मुलाना विधायक पूजा चौधरी इस डेडलाइन पर सवाल खड़ा करती दिखेंगी। उनका कहना है कि यह दावा खोखला साबित हुआ। सड़कों की जर्जर हालत पर सरकार के भी कुछ विधायक सवाल दाग सकते हैं।

    बाढड़ा से भाजपा विधायक उमेद सिंह पातूवास सवाल उठाएंगे कि आईआईटी स्थापित करने का सरकार का क्या इरादा है। इस सदंर्भ में प्रस्ताव मंजूर हुआ या नहीं, इस पर वे सवाल पूछेंगे। यह मुद्दा बेहद अहम है क्योंकि दादरी क्षेत्र अब तक किसी भी उच्च शिक्षा संस्थान से वंचित रहा है। विपक्ष इसे सरकार की शिक्षा नीति की नाकामी बताकर बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है।

    फतेहाबाद से विधायक बलवान सिंह जिला पुस्तकालय निर्माण का मुद्दा उठाएंगे। उनका कहना है कि सरकार की घोषणा के बाद भी इस पर काम नहीं हुआ। वहीं यमुनानगर से भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल को 200 बेड का दर्जा मिलने के बाद भी स्टॉफ के संकट पर स्वास्थ्य मंत्री को घेरेंगे।

    सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ऑटो मार्केट की दुर्दशा का मामला सदन में उठाएंगे। उनका कहना है कि आटो मार्केट में सड़कों की हालत खराब है। बारिश में जलभराव होता है और कूड़ा खुले में फेंका जाता है। वहीं फरीदाबाद एनआईटी से भाजपा विधायक सतीश फागना अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने का मुद्दा उठाएंगे। वे निकाय मंत्री विपुल गोयल ने जवाब मांगेंगे।

  • जन्माष्टमी की सुबह नवग्रह मंदिर पर बिजली का कहर, बाल-बाल बचे कर्मचारी, दीवारें टूटीं हुआ लाखों का नुकसान

    जन्माष्टमी की सुबह नवग्रह मंदिर पर बिजली का कहर, बाल-बाल बचे कर्मचारी, दीवारें टूटीं हुआ लाखों का नुकसान

    जगाधरी/छछरौली के प्राचीन श्री महाकालेश्वर महादेव मठ, कलेसर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। जन्माष्टमी के पावन मौके पर सुबह करीब 6 बजे अचानक तेज बारिश के दौरान मंदिर परिसर स्थित नवग्रह मंदिर पर आसमानी बिजली गिर गई। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

    मंदिर को हुआ भारी नुकसान

    बिजली गिरने से नवग्रह मंदिर की दीवारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और हॉल की छत व हिस्सों में गहरी दरारें आ गईं। इतना ही नहीं मंदिर में लगे कई विद्युत उपकरण भी पूरी तरह जलकर खराब हो गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि मंदिर को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मंदिर समिति अब नुकसान का आकलन कर रही है।

    जन्माष्टमी की सुबह नवग्रह मंदिर पर बिजली का कहर, बाल-बाल बचे कर्मचारी, दीवारें टूटीं हुआ लाखों का नुकसान

    बड़ा हादसा टला

    मंदिर समिति सदस्य प्रदीप कलेसर ने बताया कि घटना से कुछ ही मिनट पहले मंदिर में सेवा कर रहे दो कर्मचारी बाहर निकल गए थे। यदि वे अंदर होते तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने इसे भगवान की कृपा बताया कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

    दहशत का माहौल

    स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई जिससे आसपास के लोग सहम गए। कई घरों के लोग घबराकर बाहर निकल आए। अचानक हुई इस घटना ने जन्माष्टमी के उत्सव के बीच भय का माहौल बना दिया। हालांकि थोड़ी देर बाद लोग शांत हुए और मंदिर में पूजा-पाठ की तैयारियां दोबारा शुरू की गईं।

    प्रशासन को सूचना

    फिलहाल मंदिर समिति ने प्रशासन को इस घटना की जानकारी दे दी है। राजस्व विभाग और बिजली निगम की टीमों को नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर बुलाया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मंदिर परिसर में सुरक्षा उपाय और बिजली से बचाव के उपकरण जल्द लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसा हादसा न हो।