Haryana News: कुरुक्षेत्र- कैथल रोड पर दो कारों की आमने-सामने की भिड़ंत में सोमवार सुबह पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा घरासी गांव के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। दोनों कारें आपस में इतनी जोर से भिड़ीं कि कारों का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
टाटा हैरियर में सवार थे अंबाला जा रहे परिजन
टाटा हैरियर गाड़ी में सवार पबनावा गांव के पूर्व सरपंच रामपाल के भाई ऋषि, उनकी पत्नी लीला, भाभी संतोष और रिश्तेदार परवीन अंबाला जा रहे थे। बताया गया कि ऋषि की पत्नी लीला का कुछ दिन पहले ऑपरेशन हुआ था और वे दवाइयां लेने मुलाना (अंबाला) जा रहे थे। वहीं, मारुति स्विफ्ट (HR 13F 3611) में यमुनानगर निवासी 6 लोग सवार थे। टक्कर के चलते स्विफ्ट में बैठे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।

मृतकों की पहचान प्रवीण, पवन, राजिंदर, उर्मिला और सुमन के रूप में हुई है। सभी यमुनानगर निवासी थे और धार्मिक स्थल पर माथा टेकने जा रहे थे। दुर्घटना के बाद शवों को एलएनजेपी जिला नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
घायल व्यक्तियों में वंशिका (यमुनानगर निवासी), संतोष, लीला देवी, रिशिपाल और प्रवीण (कैथल निवासी) शामिल हैं। सभी का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक कैथल निवासी घायल लोग अंबाला जा रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया।


















