Haryana News: सेक्टर-45 की श्री होम्स सोसाइटी में रहने वाले लोगों का गुस्सा शनिवार को सड़क पर उतर आया। 600 से ज्यादा परिवारों ने बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि हर महीने ₹3200 प्रति फ्लैट के हिसाब से मेंटेनेंस फीस ली जा रही है लेकिन इसके बावजूद उन्हें पीने का साफ पानी सही से नहीं मिलता और बिजली बिलों में गड़बड़ियां आम हो गई हैं।
महंगे दामों में फ्लैट, फिर भी मिल रही हैं असुविधाएं
स्थानीय निवासी शुभम, अजय शर्मा, पवन, भूपेंद्र, मोहित और अभिषेक ने बताया कि साल 2019 में सरवोम बिल्डर द्वारा इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई थी। तब दो और तीन बीएचके फ्लैट्स की कीमत 27 लाख रुपये थी लेकिन अब वही कीमत 60 लाख से अधिक हो चुकी है। लगभग डेढ़ साल पहले लोगों को फ्लैट्स की पजेशन दी गई लेकिन सुविधाओं का वादा अभी तक अधूरा है।

बिजली बिलों में मनमानी से लोग परेशान
रविवार को हुए विरोध में लोगों ने बताया कि बिजली बिलों में मनमाने तरीके से चार्ज जोड़े जा रहे हैं। बहुत से फ्लैट्स में जितना उपभोग नहीं हुआ उतना बिल आ रहा है। निवासियों ने बताया कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का कोई हल नहीं निकाला जा रहा। इससे लोगों में भारी आक्रोश है।
बिल्डर की ओर से मिली 15 दिन की मोहलत
मेंटेनेंस इंचार्ज राकी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि आने वाले 15 दिनों में वे ऐप के माध्यम से सभी बिल डिटेल्स साझा करेंगे और समस्या का समाधान निकालेंगे। लेकिन निवासियों का कहना है कि यदि तय समय में समाधान नहीं हुआ तो वे जिला प्रशासन से शिकायत करेंगे।
अब जिला प्रशासन से लगाई उम्मीदें
स्थानीय निवासियों मनोज, देवेंद्र, रवि यादव और मनीष कुमार ने साफ तौर पर कहा कि यदि 15 दिनों में जवाब नहीं मिला और समस्याएं जस की तस बनी रहीं तो वे जिला टाउन प्लानर के ऑफिस में शिकायत दर्ज कराएंगे। लोगों का कहना है कि यह “अफोर्डेबल हाउसिंग” का नाम देकर लोगों से पैसा तो वसूला गया लेकिन सुविधाएं नाममात्र की ही दी गईं।
