Haryana Crime: हरियाणा के पन्नीवाला मोरिका गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। लगभग रात 9:30 से 10 बजे के बीच पड़ोसी के साथ कहासुनी के बाद 45 वर्षीय बूटा सिंह की हत्या कर दी गई। आरोपी सिप्पा ने मामूली विवाद के बाद बूटा सिंह पर ईंट से हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दीवार गिरने से शुरू हुआ झगड़ा
बताया जा रहा है कि एक हफ्ते पहले बूटा सिंह के घर की करीब 10 फीट लंबी दीवार बारिश के कारण गिर गई थी। वह लगातार अपने पड़ोसी संदीप उर्फ सिप्पा पर दीवार तोड़ने का आरोप लगाता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनातनी बनी हुई थी। शनिवार रात बहस ने हिंसक रूप ले लिया और सड़क पर दोनों आमने-सामने आ गए।

ईंट से किया गया बेरहमी से हमला
झगड़े के दौरान गुस्से में सिप्पा ने बूटा सिंह के ही टूटे हुए घर की दीवार से एक ईंट उठाई और उस पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमले में बूटा सिंह की सिर और आंखें बुरी तरह जख्मी हो गईं। उसके सीने पर इतने वार किए गए कि पसलियां तक बाहर आ गईं। इस पूरे घटना क्रम से गांव में दहशत फैल गई।
तीन घंटे तक सड़क पर पड़ी रही लाश
घटना के बाद आरोपी सिप्पा का भाई कुलदीप ने मृतक के भाई गुरजीत सिंह को रात 10:18 बजे जानकारी दी। गुरजीत सिंह जो बठिंडा जिले के भगता भाईका में क्लिनिक चलाते हैं रात करीब 1 बजे गांव पहुंचे। उन्होंने देखा कि उनके भाई की लाश चारपाई पर सड़क में ही पड़ी थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
सदर थाना प्रभारी शैलेन्द्र के अनुसार मृतक के भाई गुरजीत सिंह की शिकायत पर आरोपी सिप्पा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस निगरानी रखे हुए है।
