मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। 13 अगस्त को उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर वर्षा का स्तर 21 सेंटीमीटर तक पहुंच सकता है। पूर्व मध्य भारत और उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में भी लगातार बारिश होने की संभावना है। 13 से 16 अगस्त के बीच मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। इस दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
हरियाणा में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा
हरियाणा में भी फिलहाल बारिश थमने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 15 अगस्त तक राज्य के दो से तीन जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 14 और 15 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं। बारिश के चलते अंबाला और यमुनानगर में दिन के तापमान में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

पश्चिमी विक्षोभ से फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि 16 और 17 अगस्त को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे 15 अगस्त के बाद एक बार फिर से हरियाणा में मानसून सक्रिय हो जाएगा। इस दौरान पूरे प्रदेश में बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम में बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं।
शिवालिक की बारिश से बढ़ा हथिनीकुंड बैराज का जलस्तर
शिवालिक की पहाड़ियों में हुई बारिश से हथिनीकुंड बैराज में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को यमुना नदी से 34,443 क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर डायवर्ट किया गया। जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है और कर्मचारियों को हर समय अलर्ट पर रखा गया है। शाम पांच बजे तक बैराज पर यही पानी का बहाव दर्ज किया गया।
स्थिति सामान्य लेकिन सतर्कता जरूरी
सिंचाई विभाग के एक्सईएन विजय गर्ग ने बताया कि पहाड़ों पर रुक-रुक कर बारिश हो रही है इसलिए फिलहाल बैराज की स्थिति सामान्य है। हालांकि कर्मियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के आदेश दिए गए हैं और हर घंटे जलस्तर दर्ज किया जा रहा है। पानी का बहाव 70 हजार क्यूसेक तक पहुंचने पर बैराज के सभी गेट खोल दिए जाएंगे। विभाग ने जनता को नदियों के पास जाने से बचने की सलाह दी है।
