विश्व का सबसे बड़ा जहाज ‘MSC Irina’ पहुंचा भारत! विझिनजम पोर्ट पर इतिहास बना देने वाली दस्तक

MSC Irina: सोमवार सुबह 8 बजे केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित विजिंजम इंटरनेशनल पोर्ट पर दुनिया का सबसे बड़ा कंटेनर जहाज MSC इरीना पहुंचा। इसके स्वागत में पारंपरिक जल सलामी दी गई। यह जहाज मंगलवार तक बंदरगाह पर ही रुकेगा। यह पल विजिंजम पोर्ट के इतिहास में बेहद खास बन गया है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बंदरगाह को 2 मई को राष्ट्र को समर्पित किया था।
भारत की समुद्री शक्ति को नई पहचान
अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अडानी ने सोशल मीडिया पर कहा कि हमें गर्व है कि हमने MSC इरीना जैसे विशाल जहाज का स्वागत किया है। 24,346 टीईयू की क्षमता वाला यह जहाज पहली बार दक्षिण एशियाई तट पर पहुंचा है। यह सिर्फ विजिंजम ही नहीं बल्कि भारत के ट्रांसशिपमेंट हब बनने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
फुटबॉल मैदान से चार गुना लंबा जहाज
MSC इरीना मार्च 2023 में लॉन्च हुआ और अप्रैल 2023 से अपनी पहली यात्रा पर निकला। इसकी लंबाई 399.9 मीटर और चौड़ाई 61.3 मीटर है जो कि फीफा द्वारा निर्धारित एक स्टैंडर्ड फुटबॉल मैदान से लगभग चार गुना बड़ा है। यह जहाज विशेष रूप से एशिया और यूरोप के बीच भारी मात्रा में कंटेनर ढुलाई के लिए डिजाइन किया गया है जिससे व्यापार और लॉजिस्टिक्स की क्षमता काफी बढ़ेगी।
छोटे नहीं बेहद ऊंचे कंटेनर टावर
MSC इरीना में कंटेनर को 26 लेवल तक एक के ऊपर एक रखा जा सकता है जो इसे दुनिया में अनोखा बनाता है। यह जहाज पहले सबसे बड़े जहाज OOCL स्पेन से भी 150 TEU ज्यादा ले जा सकता है। इसकी गति और आकार दोनों ही इसे वैश्विक समुद्री व्यापार में अद्वितीय स्थान दिलाते हैं।
विजिंजम पोर्ट की चमक बढ़ी
इस जहाज की भारत में एंट्री से विजिंजम पोर्ट की साख और बढ़ी है। अडानी पोर्ट्स द्वारा विकसित इस पोर्ट ने हाल ही में MSC टर्की और MSC मिशेल कैप्पेलिनी जैसे बड़े जहाजों का भी स्वागत किया है। अब विजिंजम अल्ट्रा लार्ज कंटेनर वेसल्स को संभालने की पूरी क्षमता रखता है जिससे भारत की वैश्विक समुद्री भूमिका और मजबूत हो रही है।