Waqf Property Registration: वक्फ संपत्ति के लिए नई उम्मीद! ‘उम्मीद’ पोर्टल से जुड़ेगी हर वक्फ प्रॉपर्टी अब गड़बड़ी की नहीं गुंजाइश

Waqf Property Registration: सुप्रीम कोर्ट द्वारा वक्फ एक्ट को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर रोक लगाने के बाद अब केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने 6 जून को ‘उम्मीद’ पोर्टल लॉन्च करने का ऐलान किया है। यह पोर्टल वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया जाएगा।
‘उम्मीद’ पोर्टल का मतलब और मकसद
‘उम्मीद’ का पूरा नाम है यूनिफाइड वक्फ मैनेजमेंट एम्पावरमेंट एफिशिएंसी एंड डेवलपमेंट। इसके ज़रिए पूरे देश की वक्फ संपत्तियों को पंजीकृत किया जाएगा। इस प्रक्रिया में चुनाव आयोग के डेटा का इस्तेमाल कर संपत्तियों की पहचान की जाएगी और छह महीने के अंदर सभी संपत्तियों को रजिस्टर करना अनिवार्य होगा।
महिलाओं के नाम की संपत्तियां नहीं होंगी वक्फ घोषित
सरकार ने साफ किया है कि किसी भी ऐसी संपत्ति को वक्फ घोषित नहीं किया जाएगा जो किसी महिला के नाम पर रजिस्टर्ड हो या जहां महिला वारिस हों। साथ ही अब हर वक्फ संपत्ति को जियो-टैग करना ज़रूरी होगा और इसकी सारी जानकारी पोर्टल पर सार्वजनिक करनी होगी।
मुतवल्ली की होगी पूरी जिम्मेदारी
वक्फ संपत्तियों को रजिस्टर करने की पूरी जिम्मेदारी मुतवल्ली यानी प्रबंधनकर्ता की होगी। यह प्रक्रिया राज्य वक्फ बोर्ड के माध्यम से पूरी की जाएगी। इसके लिए वक्फ बोर्ड तकनीकी मदद भी देगा ताकि सारी जानकारी सही और पारदर्शी तरीके से दर्ज हो सके।
रजिस्ट्रेशन में देरी हुई तो मिलेगी अतिरिक्त मोहलत
अगर किसी कारणवश छह महीने की तय सीमा में वक्फ संपत्ति रजिस्टर्ड नहीं हो पाती जैसे तकनीकी कारण या अन्य बड़ी वजहें तो एक से दो महीने की अतिरिक्त मोहलत दी जा सकती है। सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और विवादों को कम करना है।